जौनपुर : भीषण चोरियों और हत्या की घटनाओं के खुलासे में पुलिस के हाथ खाली

जौनपुर : भीषण चोरियों और हत्या की घटनाओं के खुलासे में पुलिस के हाथ खाली

# पखवाड़े भर के भीतर दो बड़ी चोरियों और एक हत्याकांड के खुलासा में पुलिस रही नाकाम

शाहगंज। 
एख़लाक खान 
तहलका 24×7 
              क्षेत्र में घट रही छोटी वारदातों में पुलिस कितनी गंभीर है ये जगजाहिर है। बड़ी घटनाओं में भी कठिन परिश्रम के बाद भी पुलिस का अपराधियों तक न पहुंच पाना बड़े सवाल खड़ा करता है। बीते दिनों क्षेत्र में दो स्थानों पर हुई 80 लाख रुपये से अधिक की चोरी और इन्साफ की चौखट से लौट रहे हरिलाल की हत्या में पुलिस के हाथ अब तक नाकामी ही लगी। ऐसे में हो रही जनचर्चा में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान भी लग रहा है।
बताते चलें कि 28 नवम्बर की गल्ला मंडी के किराना और स्वर्ण आभूषण के थोक व्यापारी के अयोध्या मार्ग स्थित आवास का ताला चटकाकर चोरों ने 25 लाख रुपये से अधिक के जेवरात और पांच लाख रुपये नगदी पार कर दिया। चोरों ने मकान पर लगे सीसी टीवी कैमरे को तोड़ दिया। जाते समय चोर सीसी टीवी का डीबीआर मशीन भी अपने साथ लेकर चलते बने। मामले में पहुंची पुलिस ने जिले से फॉरेंसिक टीम और खोजी कुत्ते का भी सहारा लिया लेकिन पुलिस अब तक कोई सुराग नहीं लगा सकी।
इसी तरह की घटना सुरिस गांव स्थित खुटहन रोड पर हुई। गल्ला व्यापारी मदन लाल उर्फ राजू अग्रहरि परिवार के साथ एक वैवाहिक समारोह में शामिल होने वाराणसी गए थे। चोरों ने मकान का ताला तोड़कर घर में रखी तिजोरी को गैस कटर से काटकर 50 लाख रुपये से अधिक के जेवरात और तकरीबन चार लाख रुपये नगदी पार कर दिया। यहां भी फॉरेंसिक टीम और खोजी कुत्ता चोरों का सुराग लगाने में नाकाम रहा।
दो दिसंबर की देर शाम दीवानी न्यायालय से लौटे सबरहद उत्तरी बस्ती निवासी हरिलाल गौतम व उनके साथी सबरहद रसूलपुर निवासी हाशिम को पल्सर बाइक सवार दो की संख्या में बदमाशों ने मियांपुर बकुची गांव स्थित नहर पुलिया पर गोली मार दी। जिसमें हरिलाल की मौके पर ही मौत हो गई साथी हाशिम के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। हाशिम की तहरीर पर पुलिस ने पूर्व प्रधान समेत नौ लोगों पर मुकदमा दर्ज किया। मामले की खबर लगते ही नामजद आरोपी सीधे थाने पहुंचकर खुद को बेगुनाह बताया। पुलिस ने कई दिनों तक आरोपियों को हिरासत में रखकर पूछताछ करने के बाद छोड़ दिया। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने घटनास्थल पर जाकर दो बार क्राइम सीन भी दोहराया। लेकिन पखवाड़ा बीतने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली ही रहे।
Previous articleजौनपुर : पीयू के कर्मचारी संघ को कुलपति ने दिलाई पद और गोपनीयता की शपथ
Next articleजौनपुर : चोरियों का खुलासा करने में पुलिस नाकाम, आक्रोशित व्यापारियों ने सौंपा ज्ञापन 
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?