जौनपुर : महीने भर से युवती लापता, परिजन अनहोनी को लेकर हैं आशंकित
# पखवाड़े पूर्व दर्ज हुई एफआईआर, लेकिन अभी तक नहीं हो सकी गिरफ्तारी
# कोतवाल बोले.. चुनाव के कारण पुलिस फोर्स कम है इसलिए नहीं हो पा रही है गिरफ्तारी
शाहगंज।
रवि शंकर वर्मा
तहलका 24×7
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की एक युवती करीब महीने भर से लापता है। युवती की मां ने पास के गांव परासिन के रहने वाले युवक, उसके पिता और बहन के खिलाफ अपनी बेटी के अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया है। मुकदमा दर्ज हुए पखवाड़ा बीतने को है लेकिन आरोपितों की गिरफ्तारी अभी तक नहीं हो सकी है। क्षुब्ध परिजनों ने गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से गुहार लगाई है। वहीं परिजन किसी अनहोनी की आशंका से हलकान हैं।

जानकारी के मुताबिक एक गांव की रहने वाली एक युवती बीते 20 जनवरी से लापता है। युवती की मां की तहरीर पर पुलिस ने बीते 28 जनवरी को पड़ोसी गांव परासिन के अभिषेक चौहान, उसके पिता सुरेश चौहान और बहन अंजली के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया। पीड़िता मां का कहना है कि आरोपित उसकी बेटी को घुमाने के बहाने बहला फुसलाकर ले गए और उसे अगवा करके कहीं छिपा दिया। उसने जब तीनों आरोपितों से युवती के बारे में पूछा गया तो भद्दी गालियां देने लगे और जान से मारने की धमकी भी दी।


















