जौनपुर : मामूली विवाद के चलते विवाहिता ने लगाई नहर में छलांग
# छह घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने बरामद किया शव
शाहगंज।
रवि शंकर वर्मा
तहलका 24×7
तहसील क्षेत्र के खुटहन थाना अंतर्गत सुइथाखुर्द गांव में दीपक जलाने को लेकर सास से हुई कहा-सुनी के बाद दूसरे दिन बुधवार की भोर में परदेश में रह रहे पति और अपनी मां से मोबाइल फोन पर बात कर विवाहिता शारदा सहायक नहर में कूद गयी। विवाहिता का शव घंटो प्रयास के बाद गोताखोरों ने घटनास्थल से एक किमी आगे गोसाईपुर नहर पुलिया के पास से खोज निकाला। मौके पर पहुँची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने नहर के किनारे से विवाहिता का मोबाइल फोन और चप्पल बरामद किया।

गांव निवासी संजय गुप्ता रोजी रोजगार के चक्कर में बिहार के छपरा शहर में रहता है। घर पर उनकी पत्नी 28 वर्षीय मीनू गुप्ता अपने दो बच्चों, पांच वर्षीय पुत्र पियांशू एंव दो वर्षीय पुत्री मान्या के साथ रहती थी। संजय के पिता वर्षो पूर्व गुजर चुके है। विधवा मां अपने छोटे पुत्र के साथ रह रही है। स्वजनो का का कहना है कि मंगलवार की शाम मीनू के घर अंधेरा देख उसकी सास ने उसे दीपक जलाने को कह दिया। जिसको लेकर सास बहू में विवाद हो गया और बाद में मामला शांत हो गया।

दूसरे दिन बुधवार की भोर मीनू अपने दोनों बच्चों को सोता हुआ छोड़कर नहर के किनारे पहुंच गई। वहीं बगल गांव के ही दो बालक शौंच को गये थे। पहले तो मीनू कुछ देर तक फोन पर बातचीत करती रही। फिर अचानक नहर के तेज बहाव में कूद गयी। जिसे देख दोनों बालक शोर मचाते गांव की तरफ भागे। उनकी आवाज सुन तमाम ग्रामीण नहर पर पहुंच उसकी तलाश करने लगे। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।

पुलिस ने घटनास्थल से मोबाइल फोन और चप्पल बरामद किया है। पहले तो नहर किनारे आगे तक जाकर देखा गया। पता न चल पाने पर गोताखोरों की सहायता ली गयी। छह घंटे तक तलाश के बाद शव वहां से एक किमी आगे गोसाईपुर नहर पुलिया के पास बरामद कर लिया गया। प्रभारी निरीक्षक इंस्पेक्टर किशोर कुमार चौबे ने बताया कि शव मिल गया है। जिसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। अभी मायका पक्ष से कोई तहरीर नहीं मिली है।
















