जौनपुर : शीतल पेयजल प्याऊ का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने किया लोकार्पण
# जेसीआई शाहगंज सिटी ने आयोजित किया कार्यक्रम
शाहगंज।
रवि शंकर वर्मा
तहलका 24×7
कस्बे में शनिवार को युवा उद्यमियों की अंतर्राष्ट्रीय संस्था जेसीआई इंडिया के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दीदारजीत सिंह लोटे का आगमन हुआ। जेसीआई शाहगंज सिटी के सदस्यों ने उनका ढोल नगाड़ों से जोरदार स्वागत किया। उन्होंने रामलीला भवन चौक पर मिनरल वाटर शीतल पेयजल प्याऊ का लोकार्पण किया।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शनिवार सुबह गोरखपुर से शाहगंज पहुंचे। यहां आजमगढ़ रोड पर उनका जोरदार स्वागत हुआ। इसके बाद वो संस्था के पूर्व अध्यक्ष डॉ जेपी दुबे के आरके हॉस्पिटल में खुले ब्लड बैंक पहुंचे और उसका औपचारिक उद्घाटन किया। इस मौके पर संस्था के सदस्यों ने रक्तदान भी किया। यहां से उनका काफिला महिला अस्पताल पहुंचा, जहां जेसीआई शाहगंज शक्ति की सदस्यों ने पौधरोपण किया। इसके बाद राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जेसीज चौक स्थित जेसीज बूथ का निरीक्षण करने पहुंचे। यहां से वो खुली जीप में सवार होकर मुख्यमार्ग से होते हुए रामलीला भवन चौक पहुंचे। मुख्यमार्ग पर जगह जगह उनका जेसी परिवार के सदस्यों ने माल्यार्पण करके स्वागत किया।

रामलीला भवन चौक पर स्व. नंदलाल जायसवाल की पुण्य स्मृति में लगाए गए मिनरल वाटर शीतल पेयजल प्याऊ का लोकार्पण राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के हाथों संपन्न हुआ। उन्होंने तारीफ करते हुए कहा कि भीषण गर्मी में लोगों को शीतल और शुद्ध जल पिलाने से बड़ा पुण्य नहीं हो सकता। उन्होंने पूरी टीम के लगन और मेहनत की तारीफ की और अध्यक्ष आशीष जायसवाल को करिश्माई लीडर बताया। उन्होंने जेसी साथियों को उपहार देकर सम्मानित भी किया।




















