जौनपुर : सेंट जेवियर्स स्कूल के प्रबंधक के खिलाफ एंटी भू-माफिया का केस दर्ज
बदलापुर। दीपक श्रीवास्तव तहलका 24×7 कोतवाली क्षेत्र के भलुआही गांव स्थित सेंट जेवियर्स सेकेंडरी स्कूल के प्रबंधक थामस जोसेफ के विरुद्ध पुलिस एंटी भू-माफिया के तहत केस दर्ज कर कार्यवाही में जुट गई है।
एसडीएम लालबहादुर के निर्देशन पर क्षेत्रीय लेखपाल दिनेश यादव ने मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि प्रबन्धक जोसेफ ने आराजी नम्बर 838 मिल जुमला रकवा 38 डिसमिल जो नवीन पर्ती की भूमि है पर अवैध अतिक्रमण कर बिल्डिंग खड़ी कर लिया है। बिल्डिंग बनने के दौरान चकबंदी लेखपाल सहित प्रशासन ने उस भूमि पर निर्माण न करने की हिदायत प्रबन्धक जोसेफ को दिया था किन्तु उन्होंने करोड़ों रुपये की बेशकीमती नवीन परती की जमीन पर निर्माण कर लिया।
सरकारी जमीन पर निर्माण करने के दौरान क्षेत्रीय समाज सेवियों, विहिप, बजरंगदल तक के कार्यकर्ताओं ने दो वर्ष पूर्व तत्कालीन प्रशासन से निर्माण कार्य रोकवाने के लिए तहसील परिसर में धरना प्रदर्शन तक किया था किन्तु निर्माण कार्य तो प्रशासन ने नहीं रोका बल्कि प्रदर्शनकारियों पर प्रबन्धक जोसेफ ने केस दर्ज कराया था। फिलहाल अब एसडीएम के निर्देशन में मुकदमा दर्ज कर उचित कार्रवाई की जा रही है।