जौनपुर : स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को वितरित किया गया परिचय बोर्ड
# अब ठेले और खोमचे पर लगा रहेगा दुकानदार पर परिचय बोर्ड
शाहगंज।
रवि शंकर वर्मा
तहलका 24×7
नगर पालिका परिषद में शुक्रवार को पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को उनके ठेले और खोमचे पर लगाने के लिए परिचय बोर्ड दिया गया। नगर पालिका परिषद के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कस्बे के लाभार्थी मौजूद रहे। सभी लाभार्थियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पत्र भी सौंपा गया।

नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष गीता जायसवाल ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही पीएम स्वनिधि योजना ने कोरोना काल के बाद ठेले खोमचे वालों को आर्थिक तंगी से उबारने का काम किया है। इसके लाभार्थियों को सरकार द्वारा परिचय बोर्ड बनवाकर दिया जा रहा है, जिसे उन्हें दुकानों पर लगाना होगा। अधिशासी अधिकारी प्रदीप गिरी ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना छोटे दुकानदारों और फुटपाथ- रेहड़ी वालों के लिए बेहद फायदेमंद साबित हुई है और उनके लिए पूंजी मुहैया कराने का काम किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के पत्र को सहेजकर रखें क्योंकि आगामी समय में इसकी जरूरत पड़ेगी। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत पहले चरण में 10 हज़ार, दूसरे चरण में 20 हजार और तीसरे चरण में 50 हजार रुपए का ऋण मिला। तय समय में जमा कर देने वाले लाभार्थियों को अगले चरण में शून्य ब्याज दर पर एक लाख रुपए का ऋण दिया जायेगा।



















