टाइल्स मिस्त्री की सिर कूचकर नृशंस हत्या से परिवार में मचा कोहराम
आजमगढ़।
तहलका 24×7
जिले में जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के फैजुल्ला-जहरुल्ला गांव में एक घर के कमरे में युवक की सिर कूंचकर हत्या कर दी गई। उसे टाइल्स लगवाने के बहाने घर बुलाया और नृशंस हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी हेमराज मीना, एसपी ग्रामीण, सीओ पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंच कर घटना की जांच शुरु की।
मृतक मऊ जनपद के मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के खालिसापुर गांव का निवासी है। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। हालांकि अभी घटना का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका। मऊ जनपद के मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के खालिसापुर गांव निवासी राकेश कुमार (26) पुत्र रामदुलारे टाइल्स लगाने का काम करता था।
राकेश कुमार की पत्नी हिना ने बताया कि जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के फैजुल्ला जहरुल्ला गांव निवासी शैलेश पुत्र अंबिका ने राकेश को अपने घर बुलाया था। राकेश काम करने की बात कह कर घर से निकला था। मंगलवार की दोपहर शैलेश के घर के आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घर में तलाशी ली। इस दौरान कमरे में राकेश का शव क्षत विक्षत पड़ा था। पुलिस ने इसकी सूचना परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घरवाले घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। मृतक एक पुत्र व एक पुत्री का पिता था। पत्नी हिना का रो-रोकर बुरा हाल है। तीन भाइयों में वह दूसरे नंबर पर था।

















