डीएम ने पर्यटन स्थल गूजर ताल का किया निरीक्षण, टिकट व्यवस्था लागू करने के दिए निर्देश

डीएम ने पर्यटन स्थल गूजर ताल का किया निरीक्षण,टिकट व्यवस्था लागू करने के दिए निर्देश

खेतासराय, जौनपुर।
डॉ. सुरेश कुमार 
तहलका 24×7 
             क्षेत्र के खुदौली स्थित वन प्रक्षेत्र के अंतर्गत विकसित किए जा रहे प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुजर ताल का शनिवार दोपहर जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन.ने अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने पर्यटन स्थल के विकास कार्यों, सौंदर्यीकरण योजनाओं तथा पर्यटकों की सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी अपने अधिनस्थ अधिकारियों एवं विभागीय अमले के साथ ताल पहुंचे,जहां उन्होंने लगभग 989 बीघा क्षेत्रफल में फैले विशाल तालाब का निरीक्षण किया।पर्यटन स्थल घोषित होने के उपरांत यहां चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति का अवलोकन करते हुए उन्होंने कार्यों को और अधिक गति देने पर जोर दिया।करीब आधे घण्टे तक चले निरीक्षण के दौरान अधिकारियों में हलचल और व्यस्तता का माहौल बना रहा।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ताल के विस्तारीकरण का एक समुचित प्रोजेक्ट तैयार किया जाए,ताकि भविष्य में इस स्थल को और अधिक आकर्षक तथा सुविधासंपन्न पर्यटन केंद्र के रुप में विकसित किया जा सके।निरीक्षण के दौरान उन्होंने ताल के किनारों पर पिचिंग स्टोन लगाए जाने,पर्यावरण संरक्षण एवं प्राकृतिक सौंदर्य में वृद्धि के लिए छायादार वृक्षों का व्यापक स्तर पर रोपण कराने तथा पर्यटकों की सुविधा से संबंधित अन्य आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन.ने कहा कि गुजर ताल में पर्यटकों की बढ़ती आमद को देखते हुए टिकट व्यवस्था लागू की जानी चाहिए,ताकि उससे प्राप्त होने वाली आय को रख-रखाव,साफ-सफाई,सौंदर्यीकरण और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर खर्च किया जा सके।उन्होंने कहा कि बेहतर प्रबंधन और नियमित मेंटेनेंस से यह स्थल जनपद का एक प्रमुख पर्यटन आकर्षण बन सकता है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा पर्यटकों के लिए आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी प्रमिला,जिला विकास अधिकारी, उपजिलाधिकारी कुणाल गौरव,मीनाक्षी,वन क्षेत्राधिकारी राकेश कुमार,वन दरोगा अनुज यादव सहित वन विभाग एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Previous articleसमय से पहले चुनाव की संभावना, कार्यकर्ता अभी से करें तैयारी: राकेश मौर्य
Next articleभूमिधरी की जमीन पर झूल रहा बिजली तार, किसान ने तहसील दरबार में लगाई गुहार
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?