तीन दिवसीय जनकल्याण एवं जागरूकता अभियान संपन्न
# पीएम मोदी का 12 वर्ष का कार्यकाल स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज होगा : डॉ. अवधेश सिंह
पिंडरा, वाराणसी।
नितेश गुप्ता
तहलका 24×7
केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ब्लॉक मुख्यालय मंगारी में आयोजित तीन दिवसीय जनकल्याण व जनजागरुकता अभियान का सोमवार को भव्य समापन हुआ।समापन अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टालों का निरीक्षण कर आमजन को संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास और सुशासन के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं।उनका 12 वर्ष का कार्यकाल भारतीय राजनीति और विकास यात्रा में स्वर्णिम अध्याय के रुप में दर्ज होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य प्रभावी ढंग से किया गया है।विधायक ने ब्लॉक परिसर में स्वास्थ्य,शिक्षा,आपूर्ति,बाल विकास,पशुपालन तथा विकास विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण कर विभागीय योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी ली।

उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा पात्र लाभार्थियों तक लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।शिक्षा विभाग के स्टाल पर विशेष रुचि दिखाते हुए विधायक ने निपुण भारत अभियान, स्कूल रेडीनेस कार्यक्रम,स्मार्ट क्लास,मीना मंच,गणित किट,विज्ञान किट एवं टीएलएम (शिक्षण-अधिगम सामग्री) के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

इस अवसर पर एडीओ पंचायत सुनील सिंह, प्रधानाध्यापक राजेश कुमार सिंह,सहायक अध्यापक अरुण,अनीता जैसल,बिंदुलता देवी,गौरव,चंदन,नितेंद्र, अखिलेश पाल,महेंद्र,वीरेंद्र कुमार,ब्लॉक गुणवत्ता समन्वयक विशाल सेठ,जितेंद्र सिंह,रोहित,सुशील कुमार सहित समस्त एआरपी,विभागीय कर्मचारी एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां उपस्थित रहीं।कार्यक्रम के समापन पर जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया गया।

















