तेज आंधी में पेड़ गिरा,बछड़े की मौत,ट्रांसफार्मर समेत दो विद्युत पोल टूटे
खुटहन, जौनपुर।
मुलायम सोनी
तहलका 24×7
गुरुवार भोर में आई तेज आंधी ने क्षेत्र में व्यापक असर छोड़ा।कई स्थानों पर पेड़ गिरने,मकानों को नुकसान पहुंचने और विद्युत व्यवस्था बाधित होने की घटनाएं सामने आईं।दौलतपुर गांव निवासी अवधेश दुबे के घर के सामने खड़ा लगभग 60 वर्ष पुराना आम का पेड़ तेज हवा के झोंकों के कारण अचानक धराशायी हो गया।

पेड़ के नीचे बंधा उनका बछड़ा उसकी चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।उसरौली गांव निवासी अशोक गौतम के मकान के ऊपर लगा टीन शेड आंधी में उड़ गया,जिससे उन्हें नुकसान उठाना पड़ा।पट्टी नरेन्द्रपुर गांव में तेज आंधी के चलते दो विद्युत खंभे टूटकर गए।एक खंभे पर 10 केवीए तथा दूसरे पर 25 केवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर स्थापित था।

पोल गिरने से क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति दिनभर बाधित रही,जिससे ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।हालांकि,आंधी के दौरान किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई,जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। स्थानीय प्रशासन और विद्युत विभाग की टीमों ने क्षति का आकलन कर मरम्मत कार्य शुरु कर दिया है।

















