दबंग शराबियों ने खेत में रखे धान व पुआल को लगाई आग
पिंडरा, वाराणसी।
नितेश गुप्ता
तहलका 24×7
फूलपुर थाना क्षेत्र के मानी गांव में गुरुवार की रात शराबियों ने खेत में रखे धान और पुआल में आग लगा दी, जिससे किसान को लगभग 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।जानकारी के अनुसार मानी गांव निवासी उमेश सिंह ने कुछ दिन पूर्व अपनी धान की फसल कटवाकर खेत में सुखाने के लिए रखी थी, साथ ही पुआल भी पास में रखा हुआ था।

गुरुवार की देर रात स्कार्पियो सवार पांच अज्ञात युवक खेत के पास पहुंचे और शराब पीने लगे। खेत पर मौजूद किसान के मजदूर ने उनसे कहाकि शराब पीने में कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन सिगरेट के टुकड़े इधर-उधर न फेंके। इसी बात से नाराज होकर आरोपितों ने खेत मालिक का नाम लेकर गाली-गलौज शुरु कर दी और धान व पुआल में आग लगा दी। जिसमें पूरा धान और पुआल जलकर राख हो गया।

घटना के समय खेत मालिक उमेश सिंह हैदराबाद में थे।
घटना की जानकारी मिलने पर उमेश सिंह ने फोन पर बताया कि आगजनी से उन्हें लगभग 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। हैदराबाद में होने के कारण उनके छोटे भाई अभिषेक सिंह ने फूलपुर थाने में स्कार्पियो सवार अज्ञात लोगों के खिलाफ प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
















