दवा लेकर जा रही डीसीएम पलटी, बड़ा हादसा टला
# चालक को आई मामूली चोट, दूसरी गाड़ी से भेजी गई दवा
खेतासराय, जौनपुर।
डॉ. सुरेश कुमार
तहलका 24×7
क्षेत्र के गुरैनी मदरसा गेट के समीप सोमवार की सुबह 5:30 बजे आयुर्वेदिक दवाओं से लदी एक डीसीएम अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में चालक को मामूली चोटें आईं,जबकि कोई जनहानि नहीं हुई।जानकारी के अनुसार वाराणसी से आयुर्वेदिक दवाएं लेकर डीसीएम वाहन गोसाईंगंज की ओर जा रही थी।

जैसे ही वाहन गुरैनी मदरसा गेट के पास पहुंचा,सामने से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रेलर से साइड लगने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और डीसीएम असंतुलित होकर सड़क किनारे पलट गई।वाहन चालक आशीष कुमार ने बताया कि ट्रेलर चालक की लापरवाही के चलते हादसा हुआ।उन्होंने कहा कि सामने अचानक भारी वाहन आ जाने पर बचाव का प्रयास किया गया, लेकिन गाड़ी अनियंत्रित हो गई।

चालक को हल्की चोटें आईं,जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद खतरे से बाहर बताया गया है।सूचना मिलते ही ट्रैफिक एसआई राजेश सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।पुलिस ने यातायात सुचारु कराया,जिससे आवागमन सामान्य बना।बताया जा रहा है कि डीसीएम में लदी आयुर्वेदिक दवाओं को सुरक्षित निकालकर दूसरी गाड़ी से गंतव्य के लिए रवाना किया गया।स्थानीय लोगों के अनुसार हादसे के समय सड़क पर भीड़ कम होने से बड़ा नुकसान टल गया।


















