दुर्लभ चिकित्सकीय मामला: नवजात में “Fetus in Fetu” की पुष्टि
शाहगंज, जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7. क्षेत्र के सर सैय्यद हॉस्पिटल में एक बेहद दुर्लभ चिकित्सकीय मामला सामने आया है, जहां एक दिन के नवजात शिशु में “Fetus in Fetu”जैसी असामान्य जन्मजात स्थिति पाई गई। यह मामला न केवल स्थानीय बल्कि चिकित्सा जगत के लिए भी चर्चा का विषय बन गया है।जानकारी के अनुसार नवजात शिशु का प्रारंभिक उपचार बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. महफूज़ अहमद की निगरानी में चल रहा था।

जांच के दौरान कुछ असामान्य संकेत मिलने पर डॉक्टर ने शिशु को अल्ट्रासाउंड के लिए भेजा।अल्ट्रासाउंड जांच में रेडियोलॉजिस्ट डॉ. फारूक़ अरशद ने इस दुर्लभ स्थिति की पहचान की।चिकित्सा विज्ञान में “Fetus in Fetu”एक अत्यंत विरल अवस्था मानी जाती है, जिसमें एक अधूरा विकसित भ्रूण, दूसरे भ्रूण के शरीर के अंदर मौजूद होता है।

विशेषज्ञों के मुताबिक, इस स्थिति की घटना दर लगभग 5 लाख जन्मों में एक मानी जाती है, जबकि विश्वभर में अब तक 200 से भी कम मामले दर्ज किए गए हैं।डॉ. फारूक़ अरशद ने बताया कि इस प्रकार के मामलों की पहचान बेहद सावधानी और उच्च स्तरीय विशेषज्ञता की मांग करती है।

फिलहाल शिशु की विस्तृत जांच विशेषज्ञों की सलाह के आधार पर आगे की उपचार प्रक्रिया तय की जा रही है। स्थानीय स्तर पर इस तरह का मामला सामने आना शाहगंज क्षेत्र में उपलब्ध उन्नत चिकित्सा सुविधाओं और विशेषज्ञ चिकित्सकों की दक्षता को दर्शाता है। यह उपलब्धि क्षेत्रीय स्वास्थ्य सेवाओं के लिए भी एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर मानी जा रही है।
















