दूसरी बेटी की ट्यूशन फीस माफी की तैयारी तेज,निजी स्कूलों से मांगा गया शुल्क का ब्योरा
# आर्थिक रुप से कमजोर परिवारों को मिलेगी राहत,सात जिलों से पहले चरण में जुटाया जा रहा डाटा
लखनऊ।
विजय आनंद वर्मा
तहलका 24×7
प्रदेश सरकार आर्थिक रुप से कमजोर परिवारों की दूसरी बेटी की शिक्षा को प्रोत्साहन देने के लिए नई योजना पर तेजी से काम कर रही है।मुख्यमंत्री की घोषणा के क्रम में शिक्षा विभाग ने निजी माध्यमिक विद्यालयों से ट्यूशन फीस का विस्तृत ब्योरा तलब किया है।योजना लागू होने पर पात्र परिवारों की दूसरी बेटी की ट्यूशन फीस माफ की जाएगी या राज्य सरकार उसकी प्रतिपूर्ति करेगी।

शासन के संयुक्त सचिव संजय कुमार की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार पहले चरण में कानपुर नगर,आगरा, वाराणसी,प्रयागराज,मेरठ,सहारनपुर और लखनऊ जनपद पर विशेष ध्यान दिया गया है।इन जिलों के जिला विद्यालय निरीक्षकों को अपने क्षेत्र के यूपी बोर्ड, सीबीएसई और आईसीएसई से संबद्ध स्ववित्तपोषित माध्यमिक विद्यालयों से कक्षा 9 से 12 तक की ट्यूशन फीस का पूरा विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

शासन का उद्देश्य योजना के लिए आवश्यक वित्तीय आकलन और डाटा तैयार करना है।इसके लिए 22 जून को अपर मुख्य सचिव महिला कल्याण एवं बाल विकास पुष्टाहार की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक हो चुकी है। इसके बाद 1 जुलाई को समीक्षा बैठक प्रस्तावित की गई है,जिसमें संबंधित विभागों को संकलित डाटा के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।

सरकार का मानना है कि योजना लागू होने से सीमित आय वाले परिवारों को निजी विद्यालयों की फीस का बोझ कम होगा और बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा।हालांकि,योजना के पात्रता मानदंड,आय सीमा और लागू होने की अंतिम प्रक्रिया पर शासन की ओर से विस्तृत दिशा-निर्देश जारी होना अभी बाकी है।

















