दो कार के आमने-सामने टक्‍कर में सिपाही की मौत, चौकी प्रभारी सहित छह घायल

दो कार के आमने-सामने टक्‍कर में सिपाही की मौत, चौकी प्रभारी सहित छह घायल              

वाराणसी।
तहलका 24×7
              चौबेपुर थाना क्षेत्र के बभनपुरा रिंगरोड पुल पर वैगन-आर और क्रेटा कार की आमने-सामने टक्कर में भोपौली चौकी पर तैनात सिपाही वीर बहादुर यादव (32) की मौत हो गई। हादसे में चौकी प्रभारी अमित सिंह, उनकी पत्नी रीता सिंह, चालक सोनू पाण्डेय गंभीर रुप से घायल हो गए।क्रेटा कार में सवार मिथिलेश सिंह, उनकी पत्नी अन्नू सिंह और पुत्र काब्यांश को भी गंभीर चोटें आई हैं।
पुलिस के अनुसार, चंदौली जनपद के भोपौली चौकी प्रभारी अमित सिंह अपनी पत्नी रीता सिंह, सिपाही वीर बहादुर यादव और चंदौली के कैली गांव निवासी चालक सोनू पाण्डेय के साथ वैगन-आर संख्या यूपी 70 एचएच 8632 में सवार होकर बभनपुरा रिंगरोड की ओर जा रहे थे। तभी सन्दहा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही क्रेटा कार संख्या यूपी 65 एफएन 5160 से उनकी गाड़ी की जोरदार भिड़ंत हो गई। वैगनआर को सिपाही वीर बहादुर चला रहे थे।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।हादसे की सूचना मिलते ही चांदपुर, चिरईगांव और जाल्हूपुर पुलिस चौकी की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तुरंत बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने सिपाही वीर बहादुर को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों का इलाज शुरु किया गया। वीर बहादुर यादव लंबे समय से भोपौली चौकी पर तैनात थे और अपनी कार्यशैली के लिए विभाग व क्षेत्र में लोकप्रिय थे।
अम्बेडकरनगर जिले के निवासी वीर बहादुर की कुछ महीनों बाद शादी होने वाली थी। उनके असमय निधन से विभाग और परिजनों में शोक की लहर है।स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि बभनपुरा रिंगरोड पुल पर केवल एक लेन चालू है, जहां दोनों दिशाओं के वाहन तेज रफ्तार से चलते हैं। पुल पर न तो गति अवरोधक है और न ही ट्रैफिक पुलिस की तैनाती। ग्रामीणों ने ऐसी व्यवस्था की कमी को हादसों का प्रमुख कारण बताया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरु कर दी है। हादसे की जांच की जा रही है ताकि इसके कारणों का पता लगाया जा सके।
Previous articleदेह व्यापार में लिप्त दो भाइयों को भेजा गया जेल
Next articleविज्ञान संगोष्ठी में गूंजा ‘क्वांटम युग’ का स्वर, 
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?