दो बच्चों संग पिता ने गंगा में लगाई छलांग, दोनों मासूम लापता, पिता को बचाया

दो बच्चों संग पिता ने गंगा में लगाई छलांग, दोनों मासूम लापता, पिता को बचाया

वाराणसी।
तहलका 24×7
                चौबेपुर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। चांदपुर गांव निवासी दुर्गा सोनकर ने अपने दो मासूम बेटों के साथ गंगा नदी में छलांग लगा दी। स्थानीय लोगों की मदद से दुर्गा को बचा लिया गया, लेकिन उसके दोनों बेटे 7 वर्षीय शुभम और 6 वर्षीय आशीष गंगा की तेज धारा में बह गए।
देर शाम तक एनडीआरएफ की टीम बच्चों की तलाश करती रही, लेकिन उनका पता नहीं चल सका।घटना चौबेपुर क्षेत्र के बभनपुरा के पास निर्माणाधीन गंगा पुल पर हुई। दुर्गा अपने दोनों बेटों को बाइक पर बिठाकर रिंग रोड होते हुए बभनपुरा गंगा पुल पर पहुंचा था। स्थानीय लोगों के अनुसार, वह बच्चों को बाढ़ का नजारा दिखाने का बहाना बनाकर पुल पर ले गया था। कुछ देर पुल पर खड़े रहने के बाद दुर्गा ने अचानक दोनों बच्चों को अपने साथ लेकर गंगा में छलांग लगा दी।
गंगा की तेज धारा में कुछ दूर बहने के बाद वह किसी तरह तैरकर रेतापार किनारे की ओर पहुंच गया। वहां मौजूद लोगों ने उसे देखा और नाव के सहारे नदी से बाहर निकाला। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। चांदपुर चौकी प्रभारी अंकुर कुशवाहा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने एनडीआरएफ को सूचित किया और बच्चों की खोजबीन शुरु करवा दी।
अभी तक बच्चों का कोई पता नहीं चल पाया है और खोज अभियान जारी है। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।पुलिस सूत्रों के अनुसार दुर्गा पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में था।पुलिस घटना के पीछे की वजह जानने के लिए परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है कि उसने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया।
Previous articleबैंक के असिस्टेंट मैनेजर ने जहर खाकर दी जान
Next articleदहेज हत्या के आरोपित सास-ससुर गिरफ्तार
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?