धन के अभाव के चलते अधर में लटका नगर का सीवर लाइन ड्रीम प्रोजेक्ट
# 5 सालों में नहीं हुआ पूरा काम, रास्ते की खुदाई करके छोड़ा, आवागमन बाधित
# पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर विकास योजना के तहत होना है कार्य
# राज्यमंत्री गिरीश चन्द्र यादव के विधान सभा क्षेत्र का मामला
खेतासराय।
अज़ीम सिद्दीकी
तहलका 24×7
विकास कार्य के नाम पर धन की कमी को लेकर नगर पंचायत खेतासराय का हमेशा से रोना- धोना लगा रहता है जब से नगर पंचायत का दर्जा प्राप्त हुआ यह इसकी पुरानी आदत भी है तब से लेकर अपनी मूलभूत समस्या निस्तारण नहीं कर सका है। इन समस्याओं में से सबसे ज्यादा अहम समस्या नगर के जल निकासी और कूड़ा गिराने के लिए जगह का है। आज तक इसका निस्तारण नहीं हो पाया है। इस मामले को लेकर नगर पंचायत का हमेशा नाक कटता चला आ रहा है।

हालांकि इस सम्बंध में पिछले कई वर्षों में जिम्मेदार अधिकारी फटकार भी लगा चुके है लेकिन यह समस्या नासूर बनी हुई है। बाकी विकास कार्यों पर नज़र डालें तो इन दिनों नगर पंचायत खेतासराय में धन के अभाव में आज भी विकास कार्य लटका हुआ है। यह हाल है नगर पंचायत खेतासराय के पुरानी बाजार रोड स्थित जे.बी. मेगा मार्ट के पास से बारा होते हुए महरौड़ा, गोधना, खुदौली समेत विभिन्न गांवों को जोड़ने वाले मार्ग का। यह मार्ग खुटहन मुख्य मार्ग को जोड़ने का भी काम करता है।

इतना ही नहीं बल्कि यह मार्ग कस्बा के बभनौटी और सरवरपुर वार्ड के बीच बॉर्डर भी है। इसके अलावा यह मार्ग कभी- कभी खुटहन मुख्य मार्ग अवरुद्ध होने पर बाईपास का भी काम करता है। इसी मार्ग पर नगर पंचायत द्वारा बारां मोड़ से सोनकर बस्ती पुरानी बाजार रोड होते हुए खुटहन मार्ग पर दुर्गा मंदिर स्थित ट्रांसफार्मर तक सीवर पाइप लाइन का कार्य होना है। यह कार्य पण्डित दीन दयाल उपाध्याय नगर विकास के तहत कार्य होना था।

जिसका टेण्डर 2020 में हो गया था, और काम भी शुरू हुआ लगभग एक चौथाई काम होने के बाद जे.बी. मेगा मार्ट तक उक्त मार्ग को जे.सी.बी. से खोदकर सीवर पाइप डालकर छोड़ दिया गया। जगह- जगह लगे चेम्बर भी सही से नहीं ढके गए। जो अब राहगीरों के लिए मुसीबत बना हुआ है। इस मुसीबत राहगीरों द्वारा दो वर्षों से झेला जा रहा है। सीवर के आधे अधूरे कार्य धन के अभाव में वर्षों से रुका हुआ है। जिसमें गिरकर राहगीर चोटिल भी हो रहे है। जिस पर जिम्मेदार चुप है।

# इंटरलॉकिंग मार्ग को खोदकर छोड़ दिये है जिम्मेदार
बता दे कि जिस मार्ग पर सीवर पाइप लाइन का काम शुरू हुआ है उसको हाल ही मरम्मत कराया गया था। उसी मार्ग को जे.सी.बी. द्वारा खोड़कड सीवर पाइप लाइन डालने का कार्य किया जा रहा है जो अब पूरी तरह से ठप्प हो गया है। इस तरह से आधा- अधूरा होकर लटका हुआ है कि रात में राहगीरों के लिए पैदल चलना जान जोखिम में डालकर चलने के बराबर है। जिसे जिम्मेदारों द्वारा लापरवाही के साथ वैसे छोड़ दिया गया है। जो मोहल्ले वासियों के लिए जी-जंजाल बना हुआ है।

सीवर पाइप लाइन के चेम्बरों को कहीं- कहीं खुला तो कहीं आधे- अधूरे पर रख कर छोड़ दिया गया है। सीवर पाइप डालने के लिए जे.सी.बी. से खोदकर सीवर पाइप डालकर छोड़ दिया गया। जिसमें खेलने वाले बच्चों कई बार गिरकर घायल हो चुके है। इस तरह खोदकर छोड़ देने से कई गांवों से बाजार को आने वाले राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बारां के यादव बस्ती, सोनकर बस्ती के रहने वाले लोगों ने इसकी शिकायत कई बार जिम्मेदार लोगों से की लेकिन कुछ हल नहीं निकल सका। बेपरवाह जिम्मेदारों के कारण राह चलना भी दुर्भर हो गया है।

# बोले वार्डवासी शिकायत के बाद भी समस्या का नहीं हुआ निस्तारण
अधर में लटका सीवर पाइप लाइन कार्य को लेकर लोगों ने कई बार जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों से अधिकारियों को इसकी शिकायत की है लेकिन नतीजा अभी तक सिर्फ कोरा आश्वासन के सिवाय कुछ नही निकल पाया है। नगर पंचायत खेतासराय में शासन द्वारा तीन नामित सभासद भी नामित किये है। वह सब भी उसी धुन में मस्त है। नगर पंचायत खेतासराय का यह एक मात्र इकलौता कार्य ही नहीं बल्कि तमाम ऐसे कार्य है जो धन के अभाव होने के कारण आधा- अधूरे पर अटक हुआ है।

नया काम जनता के बीच विरले ही मिलेगा। लोगों द्वारा इसकी कई बार शिकायत की गई लेकिन हालात जस की तस बनी हुई है। हल्की बारिश में उक्त मार्ग मिट्टी कीचड़ से युक्त हो जाती है। जिसमें आने वाले राहगीर गाड़ी मोटर या सायकिल लेकर गिरते रहते है। जिम्मेदार पूरी तरह से सिर्फ अपना गुल खिलाने में मस्त है। विदित हो कि उत्तर-प्रदेश में विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। राजनीतिक पार्टियां अपना सियासी पिच तैयार कर रही है। वहीं जनप्रतिनिधि अपने – अपने क्षेत्रों में डेरा डालना शुरू कर दिये है।

जनता को सबसे बड़ा हितैषी बताकर उनको फिर से अपने फेवर में मतदान करने की अपील कर रहे है। वही कही – कही ऐसे भी जनप्रतिनिधि है जो अपने कार्यों से जनता को सन्तुष्ट नहीं कर पाएं और विकास के नाम बंदरबाट करने में जुटे हुए थे, जिससे लोगों में भारी आक्रोश है चल रहा है ऐसे में नाराज़ चल रहे कार्यकर्त्ताओं और मतदाताओं को मनाने का कार्य भी तीव्रगति से जारी है। ताकि एक बार फिर से विजयी हो सके और पार्टी इस बार बड़ी कृपा करें। पिछली बार जौनपुर सदर से भारतीय जनता पार्टी ने गिरीश चन्द्र यादव को टिकट दिया था।

जिस पर उन्होंने विजय हासिल कर योगी सरकार में राज्यमंत्री में बनाएं गए थे। उन्ही के विधानसभा क्षेत्र में यह नगर पंचायत खेतासराय आता है। जिसे आदर्श नगर पंचायत का दर्जा भी प्राप्त है। यहाँ की जनता कार्यकर्त्ताओं से विशेष लगाव भी है। लेकिन इनके ही कार्यकाल में नगर पंचायत खेतासराय में विकास कार्य अपेक्षानुरूप नहीं हो सका है। जिससे यहां की जनता में अच्छी खासी नाराज़गी व्याप्त है। खेतासराय में वर्षों से सीवर पाइप लाइन का आधा – अधूरा होकर पड़ा है। जिससे आने – जाने वाले राहगीर भी सरकार को कोस रहे है। काम रुका और अधर में लटका होने का मुख्य कारण धनाभाव बताया जा रहा है।



















