नकली दवाओं के बड़े नेटवर्क पर कार्रवाई,लखनऊ और गोंडा में करोड़ों की दवाएं जब्त
लखनऊ/गोंडा।
विजय आनंद वर्मा
तहलका 24×7
उत्तर प्रदेश में नकली और काउंटरफीट दवाओं के अंतर्राज्यीय नेटवर्क के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) और पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।लखनऊ में एफएसडीए और पुलिस की संयुक्त छापेमारी में बिना लाइसेंस संचालित एक अवैध गोदाम से करीब 25 लाख रुपये मूल्य की संदिग्ध एलोपैथिक व नारकोटिक्स दवाएं जब्त की गईं।मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरुकर दी गई है।

जांच के दौरान Telma,Flozen-AA, MOXYZIDE-CV 625 LB,Pantop 40, RIOPODCV,Clavum 625,Alpha 0.5, Zerodol SP,Spamo Proxyvon Plus, Chymoral Forte,Cefexo-AZ LB, Augmentin 625,Talgesic Injection और Taxim समेत कई प्रतिष्ठित ब्रांडों के लेबल पर वर्तनी (स्पेलिंग) संबंधी त्रुटियां मिलीं।अधिकारियों के अनुसार, यह प्रथम दृष्टया दवाओं के नकली होने की ओर संकेत करता है।

जब्त दवाओं के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।वहीं गोंडा में एफएसडीए की छापेमारी के दौरान 1.13 करोड़ रुपये मूल्य की नकली एवं नशीली दवाएं बरामद की गईं।कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।बरामद दवाओं में 53,712 डिपट्राम प्लस कैप्सूल,14,700 अल्ट्रानिम-पी टैबलेट,59,256 प्रोक्सीस्पास कैप्सूल,2,82,960 सेम्प्लेक्स प्लस कैप्सूल,32,160 रोमर स्पास कैप्सूल,1,96,000 ट्रामाडोल इंजेक्शन,60,000 अल्जोमैक 0.5 (अल्प्राजोलम) टैबलेट तथा 63 बोतल कोडीन फॉस्फेट सिरप (एनरेक्स/वनरेक्स) सहित बड़ी मात्रा में अन्य एलोपैथिक दवाएं शामिल हैं।

एफएसडीए अधिकारियों ने बताया कि नकली और अवैध दवा कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।संबंधित लोगों के खिलाफ औषधि एवं नारकोटिक्स कानूनों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


















