नहर किनारे झाड़ी फंसा मिला युवक का शव, क्षेत्र में सनसनी
सुइथाकला, जौनपुर।
राजेश चौबे
तहलका 24×7
शुक्रवार की सुबह क्षेत्र के रुधौली गांव के पास शारदा सहायक खंड 36 नहर पर बने पुल से कुछ दूरी पर झाड़ी में फंसा एक युवक का शव दिखाई देने से क्षेत्र में सनसनी फ़ैल गई। स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दिए जाने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और जांच-पड़ताल शुरु की।

शुरुआती तौर पर शव की शिनाख्त नहीं हो सकी थी, जिसे लेकर पुलिस ने शव को सर्वप्रथम मर्चरी हाउस जौनपुर भेजा, जहां पहचान की प्रक्रिया के बाद मृतक की पहचान 28 वर्षीय श्रीप्रकाश पुत्र रामदास निवासी भरथुआ थाना दोस्तपुर जिला सुलतानपुर के रुप में हुई।बताया जा रहा है कि बुधवार को श्रीप्रकाश अपने जीजा राजेश कुमार, निवासी बनकेगांव थाना कादीपुर जिला सुलतानपुर के घर आए हुए थे।

गुरुवार सुबह वह शौच के लिए नहर की ओर गए थे। काफी खोजबीन के बाद उसके बहनोई द्वारा कादीपुर कोतवाली में गुमशुदगी का रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इसी बीच शुक्रवार सुबह उसका शव रूधौली क्षेत्र में उक्त नहर में मिला। प्रथमदृष्टया शव का शिनाख्त न हो पाने के कारण पुलिस शव को मोर्चरी हाऊस भेज दी थी। जिसकी पहचान शाम को श्रीप्रकाश के रूप में हुई।

थाना प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पहचान की प्रक्रिया शुरु की। मामले में आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक का माहौल है।
















