नौकरी के नाम पर करोड़ों की ठगी का भंडाफोड़
# बंधक बनाकर चलाते थे एमएलएम नेटवर्क,सरगना समेत सात गिरफ्तार,खाते में 34 करोड़ के लेन-देन का खुलासा
जौनपुर।
गुलाम साबिर
तहलका 24×7
पुलिस ने बेरोजगार युवाओं को नौकरी का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय फर्जी एमएलएम (मल्टी लेवल मार्केटिंग) गिरोह का पर्दाफाश किया है।पुलिस ने गिरोह के सरगना सहित सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है।जांच में मुख्य आरोपी के बैंक खाते में करीब 34 करोड़ रुपये के लेन-देन का खुलासा हुआ है।

पुलिस के अनुसार गिरोह बिहार,झारखंड,मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों के बेरोजगार युवाओं को 25 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन वाली नौकरी का लालच देकर वाराणसी बुलाता था।इंटरव्यू के नाम पर भरोसे में लेने के बाद उनसे 30 से 35 हजार रुपये रजिस्ट्रेशन फीस के नाम से वसूली जाती थी।रुपये लेने के बाद युवाओं को एक सामान्य किट दी जाती थी,जिसमें कपड़े,तेल और साबुन जैसी वस्तुएं होती थीं।

इसके बाद प्रशिक्षण के नाम पर उनका ब्रेनवॉश कर प्रत्येक सदस्य को तीन नए लोगों को जोड़ने का दबाव बनाया जाता था।ऐसा न करने पर न वेतन दिया जाता था और न ही जमा की गई धनराशि लौटाई जाती थी।
क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के मोबाइल पर एक पीड़ित का संदेश प्राप्त हुआ था।

पीड़ित ने बताया कि नौकरी दिलाने के नाम पर कई युवकों से रुपये लेकर उन्हें लाइन बाजार थाना क्षेत्र के पचहटिया स्थित एक मकान में बंधक बनाकर रखा गया है।सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टीम ने छापेमारी कर सभी युवकों को सकुशल मुक्त कराया।
पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस ने मुख्य सरगना राहुल राजभर सहित सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से 11 मोबाइल फोन,एक थार कार, एक बुलेट,एक पल्सर मोटरसाइकिल,600 रुपये नकद तथा कंपनी से संबंधित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं।


















