पत्नी की हत्या कर पहुंचा थाने, जुर्म कबूल किया, गिरफ्तार
# मृतका की मां का आरोप : दामाद 10 लाख रुपए की कर रहा था डिमांड, पुलिस मामले की जांच में जुटी
जौनपुर।
विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
तहलका 24×7
होलीका दहन के दिन एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गुरुवार दोपहर लाइन बाज़ार क्षेत्र के मियांपुर में पति ने अपनी पत्नी का गला दबाकर मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद सीधे थाने पहुंच गया और पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल करते हुए बोला मैंने अपने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी है, मुझे गिरफ्तार कर लो।हत्यारे पति की बातों को सुनकर पुलिस भी चौंक गई। आनन फानन में मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बरसठी थाना क्षेत्र के कारों बनकट निवासी अलका (35) पुत्री हीरेन्द्र प्रताप सिंह की शादी नौ वर्ष पूर्व जनपद प्रतापगढ़ के कुंडा निवासी आलोक से हुई थी। अलका और आलोक के बीच बीते कई दिनों से अनबन चल रही थी, जिसको लेकर अलका कई महीनों से अपने आठ वर्षीय बेटे सूर्यांश के साथ मायके में रह रही थी। बीते एक सप्ताह पूर्व अलका ने थाना लाइन बाज़ार क्षेत्र के मियांपुर में किराए पर रहने के लिए एक कमरा लिया।जिसकी जानकारी उसके पति को हो गयी, दो दिन पहले से पति आलोक उसके साथ रहने लगा।

गुरुवार को अचानक सुबह दोनों के बीच कहासुनी हुई और आलोक ने बेटे के सामने ही पत्नी अलका का गला दबाकर हत्या कर दी। उसके बाद थाने पहुंचकर अपना जुर्म भी कबूल कर लिया।घटना की जानकारी अलका के परिजनों को पुलिस के फोन द्वारा हुई।सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।अलका की माँ व अन्य परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। मृतका की माँ ने बताया कि एक सप्ताह पूर्व अलका ने जौनपुर में किराए का कमरा लिया था, वह ब्यूटी पार्लर का कोर्स कर चुकी थी और ब्यूटी पार्लर का काम करना चाहती थी।

लेकिन हत्यारे ने उसकी हत्या कर दी। माँ ने बताया कि दामाद हमेशा प्रताड़ित करता था, लेकिन बेटी चुप थी। बराबर ससुराल वालों 10 लाख रुपए की मांग करता था। अलका की माँ पुष्पा सिंह ने अपने दामाद के खिलाफ तहरीर दी है।

मामले में थानाध्यक्ष सतीश सिंह ने बताया कि हत्यारे ने खुद थाने पर आकर समर्पण किया है।पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपित पति पुलिस हिरासत में है।तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्यवाही की जा रही है।

















