पत्नी से विवाद पर युवक ने खुद को मारी गोली, हालत गंभीर
प्रतापगढ़।
तहलका 24×7
जनपद के आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के पुरे गांव में रविवार की सुबह युवक ने पारिवारिक विवाद के चलते खुद को गोली मारकर आत्महत्या का प्रयास किया। घायल युवक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

उक्त गांव निवासी विकास यादव (32) पुत्र स्व. राम लखन यादव रविवार सुबह अपनी पत्नी से एक हजार रुपये की मांग कर रहा था। इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी और विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर विकास यादव ने घर से कुछ दूर जाकर तमंचे से खुद को गोली मार ली। परिवार के लोगों ने उसे घायलावस्था में बदलापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही थाना अध्यक्ष आसपुर देवसरा मौके पर पहुंचे और घायल युवक से घटना के बाबत पूछताछ की। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
















