पीएम आवास का तीन करोड़ रुपया लेकर लापता हो गए लाभार्थी

पीएम आवास का तीन करोड़ रुपया लेकर लापता हो गए लाभार्थी

सुल्तानपुर।
ज़ेया अनवर
तहलका 24×7
                प्रधानमंत्री आवास योजना में बड़ी सेंधमारी का मामला प्रकाश में आया है। जिले में करीब 426 लाभार्थी आवास योजना का करीब तीन करोड़ रुपया लेकर लापता हो गए हैं। मौके पर न आवास ही बना है और न ही अब लाभार्थी खोजे मिल रहे हैं। शासन की ओर से शिकंजा कसे जाने के बाद सरकारी पैसा लेकर गायब लाभार्थियों की खोज के लिए पंचायत सचिवों व खंड विकास अधिकारियों को लगाया गया है।

प्रधानमंत्री आवास योजना में कई स्तरों पर सत्यापन व पात्रता की जांच का प्रावधान होने के बाद भी सेंधमारी हो गई है। पात्र ठहराए जाने के बाद जिले में करीब 426 प्रधानमंत्री आवास के लाभार्थियों ने सरकार को लाखों की चपत लगाई है। अधिकारियों की संस्तुति के बाद शासन ने प्रत्येक लाभार्थियों के बैंक खाते में प्रधानमंत्री आवास निर्माण के लिए पहली किस्त के रूप में 70 हजार रुपये भेजा था। पहली किस्त पाने के बाद 426 लाभार्थियों ने पीएम आवास का निर्माण नहीं कराया। कई माह तक पहली किस्त की धनराशि से आवास का निर्माण नहीं कराने की सूचना पर अधिकारियों के निर्देश पर इनकी छानबीन शुरू हुई। छानबीन में मौके पर न आवास का निर्माण मिला और न ही अधिकांश लाभार्थी। आवास व अधिकांश लाभार्थियों के नहीं मिलने की सूचना पर अधिकारी हैरत में हैं।

विकास विभाग ने इन लाभार्थियों की खोज के लिए खंड विकास अधिकारियों के साथ पंचायत सचिवों को लगाया है। खुद को फंसता देख अधिकारियों ने कुछ लाभार्थियों के खिलाफ वसूली की नोटिस भी जारी कर दी है। स्थिति को देखते हुए इसमें अन्य गड़बड़ी की भी आशंका जताई जा रही है। परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण कृष्ण करुणाकर पांडेय ने बताया कि पहली किस्त लेकर गायब हुए लाभार्थियों की खोज के लिए पंचायत सचिवों व खंड विकास अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। आवास नहीं बनवाने वाले लाभार्थियों से धनराशि की वसूूली करवाई जाएगी, इसकी प्रक्रिया चल रही है।
Previous articleजौनपुर : ट्रेनों का ठहराव नहीं तो आमरण अनशन को होंगे बाध्य- मनोज कमलापुरी
Next articleजौनपुर : साल्वर गिरोह का सदस्य गिरफ्तार, सरगना की तलाश जारी
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?