पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की सीढ़ी से स्टील की स्टेप चुरा रहे दो चोर गिरफ्तार
सुल्तानपुर। ज़ेया अनवर तहलका 24×7 पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की सीढ़ी से स्टील की स्टेप चुरा रहे दो चोरों को सुरक्षाकर्मियों ने पकड़ लिया। एक्सप्रेस-वे के सहायक सुरक्षा अधिकारी की तहरीर पर पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों का चालान न्यायालय भेज दिया।
पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पैकेज चार के सहायक सुरक्षा अधिकारी त्रिलोकी नाथ पांडेय सुरक्षाकर्मियों के साथ एक्सप्रेस-वे पर शनिवार शाम को गश्त कर रहे थे। शाम करीब पांच बजे गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के अरवल कीरी करवत में बनी सीढ़ी के स्टील स्टेप को तोड़ते दो युवक दिखाई पड़े। सुरक्षाकर्मियों को अपनी तरफ आता देख दोनों युवक स्टील का स्टेप लेकर सीढ़ियों से नीचे की तरफ भागने लगे। सुरक्षाकर्मियों ने दोनों को दौड़ाकर पकड़ लिया।
दोनों युवकों की पहचान आदित्य कोरी और शिवप्रसाद वर्मा निवासीगण रुकुनपुर दमोदरा थाना गोसाईंगंज के रूप में की गई। सूचना पर पहुंची यूपी 112 पीआरवी को दोनों चोरों को सौंप दिया। गोसाईंगंज थाने की पुलिस ने सहायक सुरक्षा अधिकारी त्रिलोकी नाथ पांडेय की तहरीर पर दोनों के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज किया है। रविवार को गोसाईंगंज पुलिस ने चोरी के आरोप में पकड़े गए दोनों युवकों को न्यायालय में पेश किया।