प्रेमिका के टैटू पर भड़का प्रेमी,बीच सड़क पर मारी 3 गोलियां,फिर खुद को भी किया शूट
मेरठ।
तहलका 24×7
उत्तर प्रदेश के मेरठ में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है।कथित तौर पर प्रेमिका के सीने पर दूसरे युवक के नाम का टैटू देखकर नाराज प्रेमी ने बीच सड़क उसपर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।इसके बाद भीड़ को अपनी ओर आता देख उसने खुद को भी गोली मार ली।युवक की मौके पर ही मौत हो गई,जबकि युवती की हालत गंभीर बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार,12वीं की छात्रा ट्यूशन से घर लौट रही थी।रास्ते में उसके प्रेमी आदित्य ने उसे रोक लिया और शरीर पर बने”आर्यन”नाम के टैटू को लेकर सवाल किया।इस बात पर दोनों के बीच विवाद हो गया।आरोप है कि गुस्से में आदित्य ने पिस्तौल निकालकर युवती पर तीन गोलियां दाग दीं।गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़ी।गोली चलने की आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंचने लगे।खुद को घिरता देख आदित्य ने कथित तौर पर उसी पिस्तौल से खुद को गोली मार ली,जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घायल छात्रा को अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार,उसे तीन गोलियां लगी हैं।पेट में लगी दो गोलियां ऑपरेशन के दौरान निकाल दी गई हैं,जबकि सिर में फंसी गोली अभी नहीं निकाली जा सकी है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।पुलिस के मुताबिक, आरोपी आदित्य पर विभिन्न थानों में 10 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज थे और वह करीब 10 दिन पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की जांच में जुटी है।


















