प्रेम विवाह से नाराज भाई ने बहनोई को मारी गोली, दो महीने पहले हुई थी शादी
सुल्तानपुर।
तहलका 24×7
कुड़वार थाना क्षेत्र के भंडरा परशुरामपुर गांव में रविवार सुबह खेत गए एक युवक की गोली मार कर हत्या कर दी गई। हत्या की वजह प्रेम विवाह बताई जा रही है और हत्या का शक युवक के साले पर जताया जा रहा है। हालांकि पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही तफ्तीश की बात कह रही है। ग्रामीणों में चर्चा है कि हत्या ऑनर किलिंग है।

बताया गया कि कुड़वार थाना क्षेत्र के भंडरा परशुरामपुर गांव निवासी नवनीत कोरी (22) ने दो महीने पहले गांव की ही एक युवती से प्रेम विवाह कर लिया था। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों में तनातनी थी। रविवार सुबह नवनीत शौच के लिए खेत की तरफ गया था, इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग करके नवनीत की हत्या कर दी और फरार हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

कुड़वार थाना प्रभारी अमित मिश्रा ने बताया कि सुबह शौच के लिए खेत गए नवनीत कोरी की अज्ञात हमलावरों ने गोली मार कर हत्या कर दी। नवनीत की पत्नी ने अपने भाई पर हत्या की आशंका जताई है। आरोपी फरार है। पुलिस टीमों को उसकी गिरफ्तारी के लिए लगाया गया है। वहीं अपर पुलिस अधीक्षक अखण्ड प्रताप सिंह के मुताबिक प्रथमदृष्टया मामला प्रेम प्रसंग और प्रेम विवाह का है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
















