फर्जी सोशल ऑडिट के नाम पर धनउगाही का आरोप, तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज

फर्जी सोशल ऑडिट के नाम पर धनउगाही का आरोप,तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज

खेतासराय, जौनपुर। 
डॉ. सुरेश कुमार 
तहलका 24×7 
             शाहगंज-सोंधी विकास खंड क्षेत्र में फर्जी सोशल ऑडिट के नाम पर ग्राम प्रधानों से धनउगाही करने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में हड़कंप मचा हुआ है।आरोप है कि कार सवार तीन युवक स्वयं को विभागीय ऑडिटर और अधिकारी बताकर विभिन्न ग्राम पंचायतों में पहुंचे।
उन्होंने विकास कार्यों से संबंधित अभिलेखों और वाउचर आदि की जांच के नाम पर अनियमितताओं का हवाला देते हुए प्रधानों पर कार्रवाई का दबाव बनाया और धन की मांग की।ग्राम पंचायत भरोठा के प्रधान अमरदेव गौतम ने आरोप लगाया कि उनसे 25 हजार रुपये की मांग की गई थी।बाद में 10 हजार रुपये लेकर मामला समाप्त करने का प्रयास किया गया।वहीं एक अन्य ग्राम पंचायत में भी धन वसूली का आरोप लगाया गया है।
बताया जाता है कि अब्बोपुर गांव में ग्रामीण व जनप्रतिनिधियों को युवकों की गतिविधियों पर संदेह हुआ।पूछताछ के दौरान वे अपने नियुक्ति संबंधी दस्तावेज और अधिकारों का संतोषजनक विवरण नहीं दे सके।इसके बाद तीनों मौके से चले गए।मामले की जानकारी मिलने पर खंड विकास अधिकारी पीयूष त्रिपाठी ने स्पष्ट किया कि सोशल ऑडिट के लिए जिले से कोई नया आदेश जारी नहीं हुआ है।उन्होंने कहा कि शिकायत की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
उधर,सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के चिरैयाडीह गांव में फर्जी ऑडिटर बनकर धनउगाही करने के आरोप में पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि ग्राम प्रधान अमरदेव गौतम की तहरीर पर अंकित,वीरू और नवनीत के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी गई है।पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपितों ने अन्य ग्राम पंचायतों में भी इसी तरह की गतिविधियां तो नहीं की थीं।मामले की जांच जारी है।
Previous articleएक ही परिवार के चार लोगों की हत्या से सनसनी, घर और दुकान से मिले शव
Next articleकेजीएमयू में दवा खरीद अनियमितता पर कार्रवाई, विभागाध्यक्ष हटाए गए
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?