बरसात में बदहाल हुई नगर की प्रमुख सड़कें,जलभराव और गड्ढों से बढ़ा हादसों का खतरा
# रेलवे क्रॉसिंग से सीएचसी और जेसीज चौराहे से दादर बाईपास तक सड़कें जर्जर,अव्यवस्थित ऑटो-बस संचालन से जाम की समस्या भी गंभीर
शाहगंज,जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7
बरसात शुरु होते ही शाहगंज नगर की सड़कों की बदहाली एक बार फिर सामने आ गई है। नगर के प्रमुख मार्ग जलभराव,गहरे गड्ढों और टूटी सड़कों के कारण राहगीरों और वाहन चालकों के लिए मुसीबत बन गए हैं।हालात ऐसे हैं कि पैदल चलना भी जोखिम भरा हो गया है,जबकि दोपहिया वाहन चालक हर समय दुर्घटना की आशंका के बीच सफर करने को मजबूर हैं।

नगर के रेलवे क्रॉसिंग से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तक का मार्ग कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त है।बारिश का पानी गड्ढों में भर जाने से सड़क और गड्ढे में अंतर करना मुश्किल हो जाता है,जिससे वाहन फिसलने और दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है।इसी प्रकार जेसीज चौराहे से दादर बाईपास तथा जेसीज चौराहे से नव-निर्मित रेलवे स्टेशन तक जाने वाली सड़कें भी जगह-जगह उखड़ चुकी हैं।

इन मार्गों से प्रतिदिन हजारों लोग,स्कूली बच्चे,मरीज और रेलवे यात्री आवागमन करते हैं,लेकिन जर्जर सड़कें उनकी परेशानी बढ़ा रही हैं।बरसात के दौरान रेलवे क्रॉसिंग के दोनों ओर ऑटो,ई-रिक्शा और प्राइवेट बसों का अव्यवस्थित जमावड़ा स्थिति को और गंभीर बना देता है।सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों के कारण अक्सर लंबा जाम लग जाता है।जलभराव के बीच पैदल चलने वालों के लिए निकलना भी मुश्किल हो जाता है और लोगों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ता है।

जेसीज चौराहे के आसपास के दुकानदारों और राहगीरों का कहना है कि हल्की बारिश में भी सड़क पर पानी भर जाता है।दुकानों के सामने जलभराव होने से ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित होती है,जिससे व्यापार पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।नगरवासियों ने नगर पालिका परिषद,लोक निर्माण विभाग और जिला प्रशासन से मांग की है कि प्रमुख सड़कों की तत्काल मरम्मत कराई जाए, जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए तथा रेलवे क्रॉसिंग के दोनों ओर ऑटो,ई-रिक्शा और प्राइवेट बसों के संचालन के लिए सुव्यवस्थित व्यवस्था लागू की जाए। यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो बरसात के दौरान दुर्घटनाओं और जनसमस्याओं में और वृद्धि हो सकती है।


















