बांदा : डंफर की चपेट में आने से बाइक सवार बड़ी मां-भतीजे की दर्दनाक मौत
बांदा/लखनऊ।
आर एस वर्मा
तहलक 24×7
शहर से सटे मवई बुर्जुग बाईपास पर शुक्रवार की शाम डंपर से कुचलकर साइकिल सवार ताई और युवक की मौत हो गई। हादसा होते देख ग्रामीणों ने चालक को पकड़ कर डंपर में तोड़फोड़ की। आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर जाम लगा दिया। एसपी, एसडीएम और सीओ के समझाने पर ग्रामीणों ने जाम खोला।

शहर कोतवाली क्षेत्र के मवई बुजुर्ग गांव का दिनेश उर्फ बबलू प्रजापति (28) अपनी ताई बादी (55) पत्नी रामबहेरी को साइकिल पर बैठाकर बांदा आ रहा था। वे ठेकेदार के यहां मजदूरी करते थे। उन्हें मजदूरी का पैसा लेना था। मवई बाईपास स्थित चौराहे पर डंपर ने साइकिल में टक्कर मार दी। डंपर के नीचे आने से कुचलकर दोनों की मौत हो गई।

हादसा देख आस-पास के दुकानदार और गांव से ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने चालक को पकड़कर पीटा और डंपर में तोड़फोड़ की। घटना की सूचना पर शहर कोतवाली और देहात कोतवाली पुलिस, सीओ अंबुजा त्रिवेदी, एसडीएम राजेश वर्मा, एसडीएम सुरभि शर्मा मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर जाम लगा दिया।

एसपी अभिनंदन भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों और ग्रामीणों को कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इंस्पेक्टर कोतवाली श्याम बाबू शुक्ला ने बताया कि डंपर चालक प्रमोद मौर्या निवासी आजमगढ़ को पकड़ लिया है। डंपर एक कंस्ट्रशन कंपनी का बताया जा रहा है।

# रात में हुआ पोस्टमार्टम, ताई और भतीजे की एक साथ उठी अर्थी
सड़क हादसे का शिकार ताई और भतीजे के शव का जिला प्रशासन ने रात में पोस्टमार्टम कराया। डीएम के आदेश पर रात में ही पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई। शनिवार को एक साथ उठीं अर्थियों को गांव के लोगों ने कंधा दिया। मृतक दिनेश प्रजापति भूमिहीन था। घर मेें पत्नी शीला और दो बच्चे ढाई वर्षीय कोमल व डेढ़ वर्षीय बउवा हैं। दोनों मां के साथ चिपके रहे। उन्हें तो पता भी नहीं था कि उनके सिर से पिता का साया उठ चुका है। दिनेश चार भाइयों में दूसरे नंबर का था। एक भाई रामबाबू की पहले ही मौत हो चुकी है।

















