बांदा : नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म करते समय हैवान ने खींची फोटो
# दुष्कर्मी ने फोटो को लगाया सोशल मीडिया पर स्टेटस, आरोपी गिरफ्तार
बांदा/लखनऊ।
आर एस वर्मा
तहलका 24×7
बांदा में हैवानियत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक नाबालिग लड़की के साथ युवक ने दुष्कर्म किया और इस हैवानियत को करते समय नाबालिग के साथ फोटो खींची। इसके बाद उसने फोटो को स्टेटस भी लगा दिया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने सुसंगत धाराओं के मुकदमा पंजीकृत कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर चालान न्यायालय भेज दिया।

अतर्रा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी नाबालिग किशोरी पशुबाड़े में काम करके घर जा रही थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव के ही एक लड़के ने उसे दबोच लिया और पास के खेत में ले जाकर दुष्कर्म किया। उसने किशोरी की आबरू लूटते वक्त मोबाइल में तस्वीर भी ली और उस फोटो को सोशल मीडिया पर स्टेटस लगा दिया। उधर, किसी तरह युवक के चंगुल से छूटकर नाबालिग किशोरी घर पहुंची और उसने परिजनों को आपबीती सुनाई। इस पर परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

इस पूरे प्रकरण पर एएसपी लक्ष्मी निवास मिश्र ने बताया कि लड़की और लड़का एक-दूसरे को पहले से जानते हैं। अभी तक की जांच में पता चला है कि दोनों नाबालिग हैं। पीड़ित परिवार की तहरीर पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। साथ ही आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। वहीं, बांदा में बढ़ते अपराधों के सवाल के जवाब में एएसपी ने कहा कि लगातार लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।

बताते चलें कि बीते दिन भी जिले में नाबालिग किशोरी का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म करने का मामला आया था। आरोप था कि गांव के ही दो युवकों ने नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके साथ ही मोबाइल से अश्लील वीडियो भी बनाए और जान से मारने की धमकी भी थी।

















