भड़काऊ बयान मामले में विधायक हुमायूं कबीर पर पुलिस का शिकंजा,तीन करीबी गिरफ्तार
# मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की सख्ती के बाद तेज हुई कार्रवाई, विधायक को दो मामलों में किया गया तलब
कोलकाता।
तहलका 24×7
भड़काऊ भाषण और पुलिस अधिकारियों को कथित रुप से धमकी देने के मामले में विधायक हुमायूं कबीर की मुश्किलें बढ़ गई हैं।मुख्यमंत्री शिवेंदु अधिकारी की कड़ी चेतावनी के बाद पुलिस ने विधायक के तीन करीबी सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं,विधायक को भी दो अलग-अलग मामलों में पूछताछ के लिए समन जारी किया गया है।

पुलिस ने पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष गुलाम शेख को उनके घर से गिरफ्तार किया।वहीं अमीनुल हक को हिरासत में लिया गया।इसके अलावा शक्तिपुर पुलिस ने आम जनता उन्नयन पार्टी के उपाध्यक्ष अनीसुर रहमान को भी गिरफ्तार किया है।तीनों पर विधायक की विवादित बैठकों के आयोजन में भूमिका निभाने का आरोप है।मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने विधानसभा में हुमायूं कबीर के बयानों पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा था, “अब बहुत हो चुका, हुमायूं कबीर जैसे लोगों को सबक सिखाने का समय आ गया है।”

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि विवादित कार्यक्रमों के आयोजकों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री के बयान के 24 घंटे के भीतर पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी।इस बीच शक्तिपुर और रेजीनगर थानों की पुलिस विधायक के आवास पर नोटिस लेकर पहुंची।विधायक के घर पर मौजूद नहीं होने के कारण उनके परिजन ने समन प्राप्त किया।नोटिस के अनुसार हुमायूं कबीर को 3 जुलाई को शक्तिपुर थाने तथा 4 जुलाई को रेजीनगर थाने में पूछताछ के लिए उपस्थित होना होगा।

पुलिस कार्रवाई के बाद विधायक के तेवर भी बदले नजर आए।उन्होंने कहा कि वह जांच में पूरा सहयोग करेंगे।साथ ही मुसलमानों के साथ मैदान में उतरने संबंधी अपने विवादित बयान को वापस लेने की बात भी कही।उन्होंने कहा,”चाहे हमारी जान ही क्यों न चली जाए,हम अन्याय से समझौता नहीं करेंगे।पुलिस जो भी पूछेगी,उसका जवाब दूंगा।”

विवाद की शुरुआत रेजीनगर के काशीपुर में आयोजित एक सभा से हुई,जहां हुमायूं कबीर ने कथित तौर पर कहा था कि यदि वह मुसलमानों के साथ मैदान में उतरेंगे तो मुख्यमंत्री या पुलिस अधीक्षक की भी नहीं सुनेंगे।इसके बाद शक्तिपुर की एक अन्य बैठक में उन्होंने स्थानीय पुलिस अधिकारी को लेकर भी विवादित टिप्पणी की थी।इन बयानों के बाद मामला राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर तूल पकड़ गया,जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरु कर दी।

















