भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत,परिवार में मचा कोहराम
शाहगंज,जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7
क्षेत्र के बड़ौना तिराहे पर गुरुवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रुप से घायल हो गया।हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।अर्गूपुर खुर्द गांव निवासी इंद्रेश उर्फ इंदू (28) बाइक से देर रात अपने घर लौट रहा था।

इसी दौरान नगर के नई आबादी मोहल्ला निवासी रिजवान उर्फ इरफान अहमद उर्फ रिज्जू (40) अपने पड़ोसी सिरताज (35) के साथ दूसरी बाइक से शाहगंज की ओर आ रहे थे। बड़ौना तिराहे के पास दोनों बाइकों की आमने सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों युवक गंभीर रुप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को नगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया,जहां चिकित्सक ने इंद्रेश को मृत घोषित कर दिया।

वहीं गंभीर रुप से घायल रिजवान और सिरताज को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।जिला अस्पताल में उपचार के दौरान रिजवान ने भी दम तोड़ दिया।सिरताज का उपचार जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।हादसे की खबर मिलते ही दोनों मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

















