मछलीशहर पड़ाव हादसा नहीं, ट्रिपल मर्डर है: रागिनी सोनकर

मछलीशहर पड़ाव हादसा नहीं, ट्रिपल मर्डर है: रागिनी सोनकर

# पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की उठाई मांग                   

जौनपुर।
गुलाम साबिर
तहलका 24×7
               25 अगस्त 2025 को मछलीशहर पड़ाव पर खुले नाले और करंट उतर रहे बिजली के खम्भे के कारण तीन लोगों की मौत से जुड़ा मामला अब राजनीतिक गलियारों में गूंजने लगा है। सोमवार को जौनपुर में संयुक्त प्रेसवार्ता कर सपा विधायक मछलीशहर डा. रागिनी सोनकर, सपा प्रदेश सचिव सुशील चन्द्र दुबे और समाजवादी महिला सभा की प्रदेश सचिव उषा जायसवाल ने मृतकों के परिजनों को न्याय दिलाने की जोरदार मांग उठाई।
           
प्रेसवार्ता में नेताओं ने बताया कि हादसे से पूर्व स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग को कई बार सूचना दी थी कि पोल में करंट उतर रहा है, लेकिन विभाग ने लापरवाही बरती। परिणामस्वरुप प्राची मिश्रा, मो. समीर और ई-रिक्शा चालक शिवा गौतम की करंट से दर्दनाक मौत हो गई। शव बरामदगी के लिए भी परिजनों को एक दिन का इंतजार करना पड़ा। सपा नेताओं ने कहा कि इस घटना के लिए बिजली विभाग, नगर पालिका परिषद और एसटीपी विभाग सीधे तौर पर जिम्मेदार हैं।
बावजूद इसके अब तक पीड़ित परिवारों को न्याय और उचित मुआवजा नहीं मिला है। कहा प्रत्येक मृतक परिवार को 50-50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए। मृतकों के परिजनों में से एक-एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए। हादसे के दोषी अधिकारियों पर कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाए।नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि पीड़ित परिवारों को शीघ्र न्याय नहीं मिला तो समाजवादी पार्टी सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी।
Previous articleअधिवक्ता-पुलिस विवाद की होगी मजिस्ट्रियल जांच
Next articleअपराध रोकने के लिए आम जन का सहयोग जरुरी 
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?