मजबूरी की मार्मिक तस्वीर: बहन का कंकाल लेकर बैंक पहुंचा भाई
केओंझर।
तहलका 24×7
जिले से एक बेहद दर्दनाक और दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है।यहां एक गरीब आदिवासी युवक अपनी मृत बहन के खाते से पैसे निकालने के लिए उसकी कब्र से कंकाल निकालकर बैंक तक ले आया।जानकारी के अनुसार युवक की बहन की कुछ समय पहले मौत हो गई थी।उसके बैंक खाते में करीब 19 से 20 हजार रुपये जमा थे।

जरूरत के चलते युवक कई बार बैंक पहुंचा,लेकिन हर बार उससे मृत्यु प्रमाण पत्र और अन्य कागजात मांगे गए।गरीबी और अशिक्षा के कारण वह ये दस्तावेज नहीं जुटा सका।बार-बार निराश होने के बाद युवक ने ऐसा कदम उठाया,जिसने सभी को स्तब्ध कर दिया।वह अपनी बहन की कब्र खोदकर उसका कंकाल निकाल लाया और उसे कंधे पर रखकर पांच किलोमीटर पैदल चलकर बैंक पहुंच गया।बैंक के बाहर कंकाल रखकर वह अधिकारियों से पैसे देने की गुहार लगाने लगा।

घटना की सूचना मिलते ही वहां लोगों की भीड़ जुट गई। मामला बढ़ने पर पुलिस और प्रशासन भी मौके पर पहुंचा।बैंक की ओर से कहा गया कि नियम के तहत केवल जरूरी दस्तावेज मांगे गए थे,किसी को ऐसा करने के लिए नहीं कहा गया था।यह घटना केवल एक व्यक्ति की मजबूरी नहीं,बल्कि उस व्यवस्था की सच्चाई भी दिखाती है,जहां गरीब और अनपढ़ लोगों के लिए जरूरी कागजात जुटाना भी एक बड़ी चुनौती बन जाता है।















