महाराष्ट्र में चाचा-भतीजा एक साथ आए
# संजय राउत बोले, अजित पवार अमित शाह को देंगे जवाब
मुंबई।
तहलका 24×7
महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार ने ऐलान किया कि आगामी नगर निगम चुनावों के लिए उनकी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) और शरद पवार की एनसीपी (एसपी) के एक साथ चुनाव लड़ेगी। इससे महाराष्ट्र की सियासत गरमा गई है। इस पर शिवसेना (यूबीटी) ने चुटकी लेते हुए सांसद संजय राउत ने कहा कि अजित पवार ने शरद पवार से हाथ मिला लिया है, ऐसे में राज्य के डिप्टी सीएम पवार को महायुति की सहयोगी भारतीय जनता पार्टी को जवाब देना होगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा शरद पवार के खिलाफ चुनाव लड़ रही है और अजित पवार पिंपरी चिंचवाड़ नगर निगम चुनावों के लिए उनके साथ गठबंधन कर रहे हैं। बता दें कि बड़ा ऐलान करते हुए अपनी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) और चाचा शरद पवार की राकांपा (शरदचंद्र पवार) के बीच पिंपरी-चिंचवड़ नगर निगम चुनावों के लिए गठबंधन की घोषणा कर दी। उन्होंने इसे परिवार का फिर से एकजुट होना करार दिया।

अजित पवार पिंपरी-चिंचवड़ में 15 जनवरी को होने वाले चुनाव के लिए प्रचार करने पहुंचे थे।महाराष्ट्र में पिंपरी चिंचवाड़ में 28 अन्य नगर निकायों के साथ नगर निगम चुनाव होंगे। इस बीच हाई-प्रोफाइल बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन इलेक्शन के लिए एनसीपी ने अकेले लड़ने का फैसला करते हुए 37 उम्मीदवारों की घोषणा की, वहीं एकनाथ शिंदे की शिवसेना के साथ चुनाव लड़ रही भाजपा, बीएमसी चुनावों के लिए 207 सीटों पर सीट-शेयरिंग पर सहमत हो गई है।

मुंबई बीजेपी चीफ अमित साटम ने भाजपा, शिवसेना के बीच बैठक खत्म होने के बाद यहां पत्रकारों से कहा कि दोनों पार्टियों के बीच सीट शेयरिंग पर सहमति बन गई है।उन्होंने कहा भाजपा 128 सीटों पर और शिवसेना 79 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। 207 सीटों के लिए सीट शेयरिंग की बातचीत पूरी हो गई है। अमित साटम ने कहा बाकी 20 सीटों के लिए हम कैंडिडेट और पार्टी के आधार पर फैसला करेंगे, जब ऊपर के लेवल पर फैसला हो जाएगा।

साटम ने भरोसा जताया कि महायुति बीएमसी पर हिंदुत्व का भगवा झंडा फहराएगी। वहीं अलग हुए भाई उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे ने मुंबई नगर निगम चुनावों के लिए हाथ मिला लिया है, जिससे ‘मराठी मानूस’ का समीकरण बन गया है।दूसरी ओर कांग्रेस ने प्रकाश अंबेडकर की वंचित बहुजन अघाड़ी से हाथ मिलाया है, जो बीएमसी चुनावों में 62 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।पिंपरी-चिंचवाड़ और मुंबई समेत 29 नगर निगम चुनावों के नतीजे 16 जनवरी को घोषित किए जाएंगे।


















