मिनी बैंक संचालक की हत्या कर लाखों रुपए की लूट का आरोप
# मौके से पुलिस ने एक ईट और मृतक की जेब से 1.68 लाख रुपए बरामद किया, परिवार का आरोप: गोली मारकर की गई हत्या
खुटहन, जौनपुर।
मुलायम सोनी
तहलका 24×7
पनौली गांव में शुक्रवार की सुबह लगभग दस बजे यूबीआई के मिनी बैंक शाखा संचालक के सिर पर वार कर बदमाशों ने मौत के घाट उतार दिया। परिजनों का आरोप है कि बदमाश हत्या के बाद लाखों रुपए नकदी लूटकर फरार हो गए। पुलिस का दावा है कि उसके सिर पर ईंट से प्रहार कर हत्या की गई, जबकि परिवार का आरोप है कि गोली मारकर हत्या की गई है। मामला पीएम के बाद ही स्पष्ट हो पायेगा।

घटनास्थल से लगभग पांच सौ मीटर दूर परिषदीय विद्यालय के पास मृतक का मोबाइल बरामद किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लिया।
घटनास्थल पर पुलिस अधीक्षक डॉ कौश्तुभ, एसपी सिटी आयूष श्रीवास्तव, सीओ शाहगंज अजीत सिंह चौहान ने मौके पर पहुंचकर जानकारी हासिल की। फारेंसिक टीम मौके पर पहुंच एक ईट व अन्य संदिग्ध वस्तुओं का नमूना लिया।

गांव निवासी 58 वर्षीय फूलचंद पासवान उर्फ सेवाराम घर से लगभग छह सौ मीटर दूर गांव के मार्ग पर एक कमरे में मिनी शाखा चलाते थे। इसी के बगल उनके छोटे भाई मेवाराम बर्तन की दुकान चलाते हैं। रोज की तरह वह सुबह लगभग दस बजे मिनी शाखा पर पहुंचे। उस समय उनका छोटा भाई घर पर ही था। कुहरा और ठंड के चलते आस पास कोई नहीं था।लगभग 11 बजे कुछ महिलाएं शाखा पर पैसा निकालने के लिए पहुंची तो शटर बंद पाया।

भीतर किसी के कराहने की आवाज सुनाई देने पर महिलाओं ने इसकी सूचना भाई मेवाराम को फोन पर दी। वह भागते हुए मौके पर पहुंचे। शटर खोलकर भीतर देखे तो फूलचंद्र फर्स पर पड़े कराह रहे थे। उनके सिर से खून की धारा बह रही थी। आनन फानन में उन्हें उपचार के लिए शाहगंज सीएससी ले जाया गया। जहां देखते ही चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के द्वारा कयास लगाए जा रहे हैं कि फूलचंद्र के द्वारा शटर खोलते ही हत्यारे भीतर घुस गये। वे तीन से चार की संख्या में रहे होंगे। जो सिर पर वार कर हत्या कर दिए। पुलिस का दावा है कि हत्या किसी ठोस वस्तु से सिर पर वार कर की गई है। जिसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच पड़ताल में जुटी है।

















