मिर्जापुर : आधार कार्ड 10 वर्ष या उससे अधिक पुराना हो तो तुरंत कराएं अपडेट
मिर्जापुर।
आर एस वर्मा
तहलका 24×7
जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ गुरुवार को बैठक कर आधार कार्ड अपडेट करने के लिए चलाए जा रहे अभियान में हुई प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि यदि किसी का आधार कार्ड 10 वर्ष या उससे अधिक पुराना हो गया है तो अपने नजदीकी केंद्र में जाकर आधार कार्ड अवश्य अपडेट कराएं।

उन्होंने कहा कि लोग ऑनलाइन भी अपडेट करा सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान के दौरान जगह-जगह शिविर भी लगवाएं ताकि ग्रामीण आधार कार्ड को अपडेट करा सकें। उन्होंने आधार कार्ड अपडेट किए जाने की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रचार प्रसार भी बल दिया। जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी शशिकांत ने आधार अपडेट अभियान के संबंध में जिलाधिकारी को विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में आधार नामांकन एवं अपडेट कराने के लिये 136 आधार नामांकन व अपडेट मशीन क्रियाशील हैं। एक माह के दौरान लगभग 10 हजार नये आधार नामांकन एवं लगभग 19 हजार आधार अपडेट किये गये हैं। बैठक में डिप्टी कलेक्टर सिद्धार्थ यादव सहित कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


















