मुख्यमंत्री आवासीय विद्यालय के लिए सीमांकन करने पहुंची टीम, किसानों के विरोध पर बैरंग लौटी
पिंडरा, वाराणसी।
नितेश गुप्ता
तहलका 24×7
क्षेत्र के मानापुर (चनौली) में प्रस्तावित मुख्यमंत्री आवासीय विद्यालय के निर्माण हेतु भूमि सीमांकन का कार्य सोमवार को किसानों के तीव्र विरोध के चलते नहीं हो सका।सीमांकन के लिए पहुंची कार्यदायी संस्था,राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन की टीम को करीब पांच घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद बिना कार्य पूरा किए वापस लौटना पड़ा।

जानकारी के अनुसार प्रदेश सरकार द्वारा मानापुर (चनौली) क्षेत्र में लगभग छह एकड़ भूमि पर करोड़ों रुपये की लागत से मुख्यमंत्री आवासीय विद्यालय का निर्माण कराया जाना प्रस्तावित है।इस परियोजना का दायित्व लोक निर्माण विभाग की कार्यदायी संस्था को सौंपा गया है।सोमवार को संभावित विरोध को देखते हुए नायब तहसीलदार मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम,फूलपुर पुलिस,पीएसी तथा कार्यदायी संस्था के कर्मचारी सीमांकन के लिए मौके पर पहुंचे।

टीम के पहुंचते ही बड़ी संख्या में किसान,महिलाएं और पुरुष एकत्र हो गए तथा हाईकोर्ट में मामला विचाराधीन होने का हवाला देते हुए सीमांकन कार्य का विरोध शुरु कर दिया।किसानों के विरोध के चलते प्रशासनिक अधिकारियों ने करीब चार घंटे तक वार्ता कर उन्हें समझाने का प्रयास किया,लेकिन कोई सहमति नहीं बन सकी।इसके बाद अधिकारियों को बिना सीमांकन कार्य पूरा किए वापस लौटना पड़ा।विरोध कर रहे किसानों का आरोप है कि जिस भूमि पर विद्यालय निर्माण प्रस्तावित है,उस पर वे चकबंदी से पहले से खेती करते आ रहे हैं।

उनका कहना है कि प्रशासन ने उक्त भूमि को वन विभाग की जमीन बताते हुए किसानों के कब्जे से जबरन मुक्त कराया है,जबकि मामला अभी न्यायालय में लंबित है।वहीं प्रशासन का कहना है कि पिंडरा,मानापुर और चनौली क्षेत्र में लगभग 73 एकड़ वन विभाग की भूमि पर अवैध कब्जा था,जिसे हटाकर भूमि को मुक्त कराया गया है।इसी भूमि पर मुख्यमंत्री आवासीय विद्यालय के निर्माण की योजना है।

हालांकि किसानों के विरोध के चलते फिलहाल निर्माण कार्य शुरु नहीं हो सका है।इस दौरान पुलिस ने सीमांकन कार्य का विरोध कर रहे आधा दर्जन किसानों को हिरासत में लिया।किसानों का आरोप है कि पुलिस ने महिलाओं और पुरुषों को बलपूर्वक हटाने का प्रयास किया,इसके बावजूद सीमांकन कार्य पूरा नहीं हो सका। मौके पर नायब तहसीलदार मनोज कुमार सिंह,खंड शिक्षा अधिकारी अखिलेश यादव,पीडब्ल्यूडी के अवर अभियंता एएन सिंह,कानूनगो तथा लेखपालों की टीम मौजूद रही।


















