मुठभेड़ में शातिर बदमाश गिरफ्तार,तमंचा व चोरी की बाइक बरामद
सुइथाकला, जौनपुर।
राजेश चौबे
तहलका 24×7
सरपतहां पुलिस ने सोमवार रात मुठभेड़ के बाद हत्या के प्रयास,चोरी,गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट समेत आठ मामलों में वांछित एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर लिया।उसके कब्जे से 315 बोर का देशी तमंचा,दो जिंदा कारतूस,एक खोखा कारतूस तथा चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई।थानाध्यक्ष यजुवेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम समोधपुर मार्ग स्थित कम्मरपुर पुलिया के पास वाहन चेकिंग कर रही थी।

इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का इशारा किया।पुलिस को देखकर वह बाइक मोड़कर भागने लगा,लेकिन कुछ दूर जाकर बाइक फिसलने से गिर गई।घेराबंदी के दौरान आरोपित ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।जवाबी कार्रवाई के बाद पुलिस ने उसे दौड़ाकर दबोच लिया।पूछताछ में उसकी पहचान पंकज यादव पुत्र रुदल यादव निवासी सारी बड़ौना,थाना सरपतहा के रुप में हुई।तलाशी के दौरान उसके पास से 315 बोर का देशी तमंचा,दो जिंदा कारतूस,एक खोखा कारतूस तथा चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई।

आरोपित ने बताया कि बरामद बाइक सुल्तानपुर जनपद के अखंड नगर थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी।पहचान छिपाने के लिए उसने बाइक की नंबर प्लेट बदल दी थी। पुलिस के अनुसार,पंकज यादव शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास,चोरी,गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित कुल आठ मुकदमे दर्ज हैं।वह गोंडा देहात कोतवाली और सरपतहां थाने का हिस्ट्रीशीटर भी है।थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपित के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए न्यायालय में पेश किया गया,जहां से उसे जेल भेज दिया गया।


















