यूपी एसटीएफ ने पकड़ी 1.93 करोड़ का गांजा
# डीसीएम वाहन में रखकर उड़ीसा से लाया जा रहा था,गिरोह का एक सदस्य गिरफ्तार
लखनऊ।
तहलका 24×7
उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने अंतरराज्यीय स्तर पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है।पुलिस ने आरोपी के पास से करीब 1.93 करोड़ रुपये कीमत का गांजा बरामद किया है।दावा है कि उड़ीसा से डीसीएम में छिपाकर लाया जा रहा 7.75 कुंतल गांजे की इस खेप को लखनऊ और रायबरेली के बाजारों में खपाया जाना था।पुलिस ने मामले में फतेहपुर निवासी एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया है।

जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, एसटीएफ को सूचना मिली थी कि उड़ीसा से गांजे की बड़ी खेप लखनऊ व आस-पास के जिलों में खपाने के लिए लाई जा रही है।सूचना पर एसटीएफ ने जाल बिछाया और नगराम मोड़ के पास संदिग्ध डीसीएम को रोक लिया,तलाशी के दौरान ट्रक के अंदर से कुल 7.75 कुंटल गांजा बरामद हुआ।टीम ने मौके से फतेहपुर निवासी कौशल कुमार को गिरफ्तार किया।पूछताछ में आरोपी कौशल ने बताया कि समरजीत उर्फ सोनू गुप्ता,मयंक कुमार गुप्ता,सैय्यद दावर अलवी आदि का एक गिरोह है, जो अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करता है।

पूछताछ में बताया कि समरजीत उर्फ सोनू के कहने पर उड़ीसा राज्य से गांजा लाता है, जिसे गिरोह द्वारा बताये गए स्थान पर पहुंचाता है।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि ट्रक में गुप्त कंपार्टमेंट बनाया गया है,जिसमें 7-10 कुंतल तक गांजा छिपाया जा सकता है।गांजा छिपाकर ऊपर से स्क्रैप खरीदकर उसे बोरियों में भरकर लोड कर दिया जाता है,जिससे किसी को पता न चल सके। बताया कि गिरोह के लिये अब तक 6-7 बार गांजा की खेप ला चुका है। इसके लिए उसे प्रति चक्कर 50 हजार रुपये मिलते हैं।

















