राज्यसभा का रणः 12 राज्यों की 26 सीटों पर चुनाव,कई दिग्गजों का कार्यकाल होगा समाप्त
नई दिल्ली।
तहलका 24×7
देश के 12 राज्यों की 26 राज्यसभा सीटों के लिए 18 जून को चुनाव कराया जाएगा।इसे लेकर राजनीतिक दलों ने अपने स्तर पर रणनीति बनानी शुरु कर दी है।इस चुनाव में कई बड़े नेताओं का राजनीतिक भविष्य भी दांव पर रहेगा।कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़के,पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा,वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह और केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू समेत 24 राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है।

ऐसे में सभी दलों के लिए यह चुनाव प्रतिष्ठा का विषय बन गया है।निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार कर्नाटक,आंध्र प्रदेश और गुजरात की चार-चार सीटों पर मतदान होगा।वहीं राजस्थान और मध्य प्रदेश की तीन-तीन सीटों,झारखंड की दो सीटों तथा मेघालय, मणिपुर,अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम की एक-एक सीट पर चुनाव कराया जाएगा।इसके अलावा महाराष्ट्र और तमिलनाडु की दो सीटों पर उपचुनाव भी होंगे।

राजनीतिक समीकरणों की बात करें तो गुजरात में कांग्रेस को नुकसान होने की संभावना जताई जा रही है, जबकि कर्नाटक में बीजेपी को झटका लग सकता है। आंध्र प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के बाद वाईएसआर कांग्रेस की स्थिति कमजोर मानी जा रही है।वहीं बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही अपने-अपने सहयोगी दलों के साथ संख्या बल साधने में जुटी हैं।राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलकों में जोड़-तोड़ और रणनीतिक बैठकों का दौर तेज हो गया है।कई वरिष्ठ नेताओं की वापसी की संभावना पर भी चर्चा हो रही है,जबकि कुछ दिग्गजों की विदाई लगभग तय मानी जा रही है।

















