रिश्वत लेते सहकारी बैंक के दो कर्मचारी गिरफ्तार
महराजगंज।
तहलका 24×7
भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गोरखपुर एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक,महराजगंज के दो कर्मचारियों को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।शिकायतकर्ता ने एंटी करप्शन विभाग से शिकायत की थी कि उसके पिता के ऋण की दूसरी किस्त जारी कराने के लिए बैंक कर्मियों द्वारा 20 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है।

शिकायत मिलने के बाद विभाग ने मामले का सत्यापन कराया,जिसमें आरोप सही पाए गए।इसके बाद एंटी करप्शन की ट्रैप टीम ने दोपहर करीब 12:45 बजे नगर पंचायत चौक क्षेत्र स्थित ठेकी चौराहा के पास जाल बिछाकर कार्रवाई की।टीम ने समिति सहायक फील्ड ऑफिसर हरिराम प्रसाद और समिति डीड राइटर/चपरासी (अवैतनिक) जय ओम को रिश्वत की रकम लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।

एंटी करप्शन निरीक्षक राम बहादुर पाल ने बताया कि शिकायत की जांच के बाद ट्रैप कार्रवाई की गई,जिसमें दोनों आरोपियों को 20 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया।उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में विभाग की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना चौक में मुकदमा दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरु कर दी गई है।साथ ही अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।

















