रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
शाहगंज,जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7
पुलिस ने रेलवे में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार खुटहन थाना क्षेत्र के लवायन गांव निवासी रामलगन यादव ने 2 फरवरी 2026 को तहरीर देकर आरोप लगाया कि कौड़िया गांव निवासी अबू मोहम्मद उर्फ बबलू ने अपने सहयोगी मुनौव्वर के साथ मिलकर उनके पुत्र चन्द्रेश यादव को रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा दिया।आरोपियों ने फर्जी ज्वाइनिंग लेटर देकर ठगी करते हुए करीब 6 लाख रुपये वसूल लिए,जिसमें 4 लाख रुपये बैंक खाते में तथा 2 लाख रुपये नकद लिए गए।

जब पीड़ित पक्ष को ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।मामले में पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी थी।शनिवार को उप निरीक्षक राम विचार अपनी टीम के साथ कार्रवाई करते हुए आरोपी अबू मोहम्मद उर्फ बबलू को कौड़िया से गिरफ्तार कर लिया।पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी प्रकार के झांसे में न आएं और सतर्क रहें।
















