रेलवे स्टेशन के पास हुई दवा कारोबारी की हत्या 

रेलवे स्टेशन के पास हुई दवा कारोबारी की हत्या 

# सरेराह सिर में सटाकर मारी गोली, सीसीटीवी में हमलावर भागते दिखा

चंदौली।
तहलका 24×7
                मुगलसराय के व्यस्ततम इलाके में देर रात एक दवा कारोबारी की सरेराह गोली मारकर हत्या कर दी गई। मेडिकल स्टोर संचालन रोहितास पाल उर्फ रोमी (45) के सिर में सटाकर हमलावर ने गोली मारी और फिर पैदल ही गली में भाग गया। घटना की खबर लगते ही मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई।
घटना उस समय हुई जब रोहितास पाल जीटी रोड स्थित अपनी दुकान बंद कर स्कूटर से घर जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी एक युवक ने पीछे से आकर उन्हें निशाना बनाया और सिर से सटाकर गोली मार दी। फिर धर्मशाला गली की ओर पैदल ही भाग गया। गोली चलने की आवाज से अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने घायल कारोबारी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसमें दिख रहा है कि हत्या की वारदात को अंजाम देने वाला हुडी पहने बदमाश भाग रहा है।
उसके पीछे दुकान का एक कर्मचारी भी भाग रहा है। कर्मचारी ने कुछ देर तक हमलावर का पीछा किया। लेकिन पकड़ने में कामयाब नहीं हो सका।सूचना पर एसपी आदित्य लांग्हे मौके पर पहुंचे और घटना के बाबत पूछताछ की। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस टीम को लगा दिया गया है। रोहिताश पाल दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन मुगलसराय रेलवे स्टेशन गेट नंबर 2 के सामने पॉपुलर मेडिकल स्टोर संचालित करते थे, जो क्षेत्र के बड़े दवा कारोबारियों में गिने जाते थे।
सरल स्वभाव के रोहितास पाल की हत्या किस वजह से की गई इसे लेकर तरह-तरह की चर्चा चल रही है। हालांकि घटना के तरीके से यह साफ है कि हमलावर पेशेवर अपराधी था और उसने पूरे एरिया की कायदे से रेकी भी की थी। बदमाश ने घटना का वह वक्त चुना जब भीड़ से पटे रहने वाले जीटी रोड इलाके में चहल-पहल कम हो जाती है।
एसपी चंदौली आदित्य लांग्हे ने बताया कि मुगलसराय में दवा कारोबारी को बदमाशों ने गोली मारी है, गोली सिर में लगी है, वाराणसी ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। अपराधी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. जल्द ही आरोपी गिरफ्तार होंगे।
Previous articleडिप्टी एसपी ने किया थाने का त्रैमासिक निरीक्षण
Next articleशराब तस्‍करी में चौकी प्रभारी समेत सभी पुलिसकर्मी सस्‍पेंड
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?