लखनऊ के पुरनिया में भीषण आग,मृतकों की संख्या बढ़कर हुई 15,पीएम मोदी ने जताया शोक
लखनऊ।
विजय आनंद वर्मा
तहलका 24×7
अलीगंज थाना क्षेत्र के पुरनिया इलाके में एक दुकान और उसके ऊपर संचालित कोचिंग सेंटर में लगी भीषण आग ने बड़ा हादसा खड़ा कर दिया।आग की चपेट में आने से अब तक 15 लोगों के मौत की पुष्टि प्रशासन ने की है,जबकि कई अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार चल रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगते ही पूरी इमारत धुएं और आग की लपटों से घिर गई।कोचिंग सेंटर में मौजूद छात्र-छात्राओं और अन्य लोगों में भगदड़ मच गई।जान बचाने के लिए कई लोग छज्जों और छतों से कूद पड़े। स्थानीय लोगों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में सक्रिय सहयोग किया।सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की आठ गाड़ियां,पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए।दमकल कर्मियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।इमारत में धुआं भरा होने के कारण रेस्क्यू अभियान देर रात तक जारी रहा।

फंसे लोगों को निकालने के लिए दमकल और पुलिस टीमों ने दीवारें काटकर अंदर प्रवेश किया।घटना की जानकारी मिलते ही उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक,डीजी फायर,जिलाधिकारी विशाख जी,संयुक्त पुलिस आयुक्त समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।उपमुख्यमंत्री ने बताया कि आग पर नियंत्रण पा लिया गया है,लेकिन तलाशी और जांच का कार्य जारी है।ऊंचाई से कूदने और धुएं की चपेट में आने से कई लोग घायल हुए हैं, जिनके बेहतर इलाज के लिए सभी अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने तथा घायलों को समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच कर रहा है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अग्निकांड पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है।वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि दिए जाने की घोषणा की गई है।प्रशासन के अनुसार मृतकों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है।राहत एवं बचाव कार्य के साथ हादसे के कारणों की विस्तृत जांच जारी है।


















