वाराणसी-अयोध्या हाईवे पर दो फीट गहरा गड्ढा बना खतरा, ग्रामीणों ने खुद भरी ईंटें
खेतासराय, जौनपुर।
डॉ. सुरेश कुमार
तहलका 24×7
वाराणसी-अयोध्या राजमार्ग पर गोरारी गांव के पास सड़क पर बना करीब दो फीट गहरा गड्ढा राहगीरों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है।लगातार हो रहे हादसों के बावजूद संबंधित विभाग द्वारा मरम्मत न कराए जाने पर ग्रामीणों ने खुद आगे बढ़कर गड्ढे में ईंटें भरकर सड़क को समतल करने का प्रयास किया।गोरारी निवासी छोटेलाल साहू ने बताया कि उनकी दुकान के सामने काफी समय से यह गहरा गड्ढा बना हुआ था।

इस मार्ग से प्रतिदिन भारी वाहनों के साथ बड़ी संख्या में दो पहिया वाहन गुजरते हैं,जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है।उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले एक महिला अपने मासूम बच्चे को गोद में लेकर बाइक से जा रही थी।गड्ढे में बाइक के उछलने से बच्चा गोद से छिटक गया,लेकिन महिला की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।इसके अलावा कई अन्य बाइक सवार भी इस गड्ढे की वजह से असंतुलित होकर गिर चुके हैं।

लगातार हो रही दुर्घटनाओं और विभागीय उदासीनता से परेशान होकर छोटेलाल साहू ने ग्रामीणों के सहयोग से गड्ढे में ईंटें डालकर उसे अस्थायी रुप से भर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत करा दी जाती तो लोगों को अपनी सुरक्षा के लिए स्वयं पहल नहीं करनी पड़ती।ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि वाराणसी-अयोध्या राजमार्ग के इस क्षतिग्रस्त हिस्से की जल्द स्थायी मरम्मत कराई जाए।उनका कहना है कि बरसात के मौसम में ऐसे गड्ढे और अधिक खतरनाक हो जाते हैं तथा किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।


















