वाराणसी एयरपोर्ट पर सफाई कर्मियों का हंगामा,नौकरी से निकाले जाने पर प्रदर्शन
वाराणसी।
तहलका 24×7
लालबहादुर शास्त्री इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई जब करीब दो दर्जन सफाई कर्मियों ने नौकरी से निकाले जाने के विरोध में प्रदर्शन शुरु कर दिया।एयरपोर्ट परिसर में कर्मचारियों ने एयरपोर्ट प्रबंधन और आउटसोर्सिंग एजेंसी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का कहना है कि वे पिछले 15 से 20 वर्षों से लगातार एयरपोर्ट पर सेवा दे रहे थे,लेकिन अचानक बिना पूर्व सूचना के उन्हें कार्यमुक्त कर दिया गया।

कर्मचारियों का आरोप है कि 45 वर्ष से अधिक आयु होने के कारण उन्हें नौकरी से हटाया गया है।कर्मचारियों ने भावुक होकर कहा कि उन्होंने अपनी जिंदगी के कई वर्ष एयरपोर्ट की सेवा में बिताए हैं।अब इस उम्र में रोजगार छिन जाने से परिवार के भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है।कुछ कर्मचारियों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि नौकरी पर दोबारा रखने के नाम पर 30 से 35 हजार रुपये की मांग की जा रही है।हालांकि इस संबंध में आधिकारिक तौर पर कोई पुष्टि नहीं हो सकी है।

मामले में सफाई व्यवस्था संभाल रही अरुण एविएशन सर्विस प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंधन का कहना है कि पुराना टेंडर समाप्त हो चुका है और नए टेंडर की शर्तों के अनुसार 45 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को कार्य पर रखने की अनुमति नहीं है।एजेंसी प्रबंधन ने प्रस्ताव दिया है कि हटाए गए कर्मचारियों के परिवार में यदि 18 से 45 वर्ष आयु का कोई सदस्य है तो उसे नौकरी दी जा सकती है।लेकिन प्रदर्शनकारी कर्मचारी इस प्रस्ताव से संतुष्ट नहीं हैं और अपनी बहाली की मांग पर अड़े रहे।

















