वाराणसी : पीईटी परीक्षा में दो मुन्नाभाई गिरफ्तार, सॉल्वर गैंग की तलाश में पुलिस

वाराणसी : पीईटी परीक्षा में दो मुन्नाभाई गिरफ्तार, सॉल्वर गैंग की तलाश में पुलिस

वाराणसी। 
मनीष वर्मा 
तहलका 24×7 
            उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से शनिवार को आयोजित पीईटी (प्रारंभिक पात्रता परीक्षा) में वाराणसी से दो मुन्ना भाई को गिरफ्तार किया गया। पीईटी में दो सॉल्वरों को कैंट पुलिस और जंसा पुलिस ने शनिवार को परीक्षा केंद्र से गिरफ्तार किया। दोनों दूसरे अभ्यर्थियों के स्थान पर परीक्षा देने पहुंचे थे। दोनों के कनेक्शन पटना के सॉल्वर गिरोह से जुड़ रहे हैं।
पुलिस के अनुसार दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेजा गया। जेपी मेहता इंटर कालेज और श्री युगल बिहारी इंटर कॉलेज रामेश्वर जंसा स्थित परीक्षा केंद्र से दोनों सॉल्वर गिरफ्तार किए गए। नगर निगम के जेपी मेहता इंटर कालेज में पहली पाली की परीक्षा चल रही थी। इसी बीच कैंट थाने के दारोगा वैभव शुक्ला ने केंद्र अधीक्षक नृप किशोर सिंह को सूचना दी कि अभ्यर्थी धीरेंद्र साहनी के स्थान पर कोई अन्य परीक्षा दे रहा है। मौके पर पहुंची कैंट पुलिस ने अनुक्रमांक नंबर, प्रवेश पत्र और फोटो, आधार मिलान के बाद अभ्यर्थी धीरेंद्र साहनी के स्थान पर परीक्षा देने वाले बिहार कटिहार के विनोदपुर निवासी धीरज को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में धीरज ने बताया कि वह पटना के रहने वाले एक युवक के कहने पर परीक्षा देने आया था। आधार और प्रवेश पत्र पर नाम धीरेंद्र साहनी का था। कैंट एसीपी मनीष शांडिल्य ने आरोपी सॉल्वर से पूछताछ की। वहीं, केंद्र अधीक्षक डॉ. नृप किशोर सिंह की तहरीर के आधार पर धीरज के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया। कैंट एसीपी मनीष शांडिल्य ने बताया कि यह जांच की जा रही है कि आरोपी किस सॉल्वर गिरोह से जुड़ा था, वहीं, धीरेंद्र साहनी के बारे में भी पता लगाया जा रहा है।
उधर, जंसा पुलिस ने रामेश्वर स्थित श्रीयुगल बिहारी इंटर कालेज के प्रबंधक धर्मेंद्र सिंह को प्रधानाचार्य ने सूचना दी कि कक्षा संख्या 25 में सीटिंग प्लान के तहत बैठा एक अभ्यर्थी संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। अभ्यर्थी से कक्ष निरीक्षकों ने पूछताछ शुरू की। पहले तो वह कक्ष निरीक्षकों को बरगलाता रहा लेकिन बाद में कड़ाई से पूछताछ शुरू हुई तो वह टूट गया। अभ्यर्थी ने बताया कि वह बिहार सुपौल के छाता थाना अंतर्गत मुस्सलाहपुर निवासी चंदन महतो है, जो बलिया के नेमा टोला सिवान कला निवासी रणजीत कुमार यादव के स्थान पर परीक्षा देने पहुंचा था। प्रबंधक के अनुसार तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी गई।
जंसा पुलिस की पूछताछ में चंदन महतो ने बताया कि वह पटना के सॉल्वर गैंग के कहने पर रणजीत की जगह परीक्षा देने आया था। जंसा थाना प्रभारी चंद्रदीप ने बताया कि चंदन महतो से पूछताछ की जा रही है। पता लगाया जा रहा है कि कितने पैसे लेकर वह परीक्षा में बैठा था और सॉल्वर गिरोह के मास्टरमाइंड समेत अन्य की तलाश में पुलिस की दो टीमें लगाई गई हैं। चंदन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया जाएगा।
Previous articleदो साल से फरार चल रहे आईपीएस मणिलाल पाटीदार ने किया कोर्ट में समर्पण
Next articleजौनपुर : 170 किसानों को वितरित किया गया निशुल्क सरसो बीज किट
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?