विनीत राय हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई: तत्कालीन कोतवाल और चौकी इंचार्ज निलंबित
गाजीपुर।
तहलका 24×7
चर्चित विनीत राय हत्याकांड में पुलिस की लापरवाही पर बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए वाराणसी परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक वैभव कृष्ण ने तत्कालीन कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक दीनदयाल पांडेय तथा चौकी इंचार्ज चंद्रशंकर मिश्र को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।दोनों के विरुद्ध विभागीय जांच के भी आदेश दिए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के अष्टभुजी कॉलोनी निवासी युवा व्यवसायी विनीत राय की आपसी रंजिश के चलते निर्मम हत्या कर दी गई थी।मामले में कोतवाली गाजीपुर में मुकदमा संख्या 365/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ।मृतक के पिता आलोक राय ने 15 जुलाई 2026 को डीआईजी वाराणसी से शिकायत कर आरोप लगाया कि उन्होंने घटना से पहले भी कथित “कटरा गैंग”की गतिविधियों की कई बार शिकायत की थी,लेकिन स्थानीय पुलिस ने समय रहते कोई प्रभावी कानूनी कार्रवाई नहीं की।

उनका आरोप था कि पुलिस की उदासीनता के कारण ही यह गंभीर वारदात हुई।शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी वैभव कृष्ण ने पुलिस अधीक्षक गाजीपुर को प्रारंभिक जांच कराने का निर्देश दिया।अपर पुलिस अधीक्षक नगर की जांच में तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक दीनदयाल पांडेय और उपनिरीक्षक चंद्रशंकर मिश्र को अपने पदीय दायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही, उदासीनता और स्वेच्छाचारिता का दोषी पाया गया।

जांच रिपोर्ट के आधार पर डीआईजी ने दोनों अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए।इसके बाद उत्तर प्रदेश अधीनस्थ श्रेणी के पुलिस अधिकारियों (दंड एवं अपील) नियमावली-1991 के प्रावधानों के तहत दोनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच शुरु कर दी गई है।पुलिस विभाग का कहना है कि कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई भी की जाएगी।


















