वीआईपी पार्टी की प्रदेश महासचिव अंजू बिन्द को पुलिस ने किया हाउस अरेस्ट
# घर से धरने के लिए जौनपुर निकल रही थीं
खेतासराय, जौनपुर।
डॉ. सुरेश कुमार
तहलका 24×7
दूल्हा आज़ाद बिन्द हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर चल रहे आन्दोलन के बीच सोमवार को वीआईपी पार्टी की प्रदेश महासचिव अंजू बिन्द को पुलिस ने उनके आवास पर ही अरेस्ट कर दिया।वह कलेक्ट्रेट में लगातार 18 दिनों से धरने पर बैठी मृतक की बहन सौम्या बिन्द और आंदोलनकारियों को समर्थन देने के लिए घर से निकलने वाली थीं।

जानकारी के अनुसार, खेतासराय क्षेत्र के जैगहां फरीदपुर गांव निवासी अंजू बिन्द के घर सुबह पुलिस पहुंची और उन्हें बाहर निकलने से रोकते हुए नजरबंद कर दिया।इसके चलते वह धरना स्थल तक नहीं पहुंच सकीं।पुलिस की कार्रवाई के बाद अंजू बिन्द ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाने वालों को रोकना सरकार की दमनकारी नीति को दर्शाता है।उन्होंने कहा कि यदि आज उन्हें रोका गया है तो कल फिर आंदोलन के साथ खड़ी होंगी।

उनके अनुसार,पुलिसिया कार्रवाई से आंदोलन कमजोर नहीं बल्कि और मजबूत होगा तथा समर्थन करने वालों की संख्या लगातार बढ़ेगी।उन्होंने बिन्द समाज सहित सभी वर्गों के लोगों से एकजुट होकर न्याय की लड़ाई में शामिल होने की अपील की।साथ ही विभिन्न राजनीतिक दलों में सक्रिय बिन्द समाज के नेताओं से भी मतभेद भुलाकर एक मंच पर आने का आह्वान किया।

अंजू बिन्द ने कहा कि यह संघर्ष केवल सौम्या बिन्द को न्याय दिलाने का नहीं,बल्कि पूरे समाज के सम्मान और अधिकारों की लड़ाई है।उनका कहना था कि जब तक दूल्हा आज़ाद बिन्द हत्याकांड में निष्पक्ष न्याय नहीं मिलता,तब तक आंदोलन जारी रहेगा।उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पुलिस के सहारे आंदोलन को दबाने की कोशिश कर रही है,लेकिन जनसमर्थन के बल पर यह लड़ाई अब निर्णायक चरण में पहुंच चुकी है और न्याय मिलने तक पीछे हटने का सवाल ही नहीं उठता।


















